क्रिकेट

क्रिकेटर पृथ्वी शॉ पर लगाया कोर्ट ने जुर्माना, पढ़ें एक क्लिक में क्या है पूरा मामला

टीम इंडिया के क्रिकेटर पृथ्वी शॉ पर डिंडोशी सेशंस कोर्ट ने जवाब न देने पर 100 रुपये का जुर्माना लगाया। मामला सपना गिल की याचिका से जुड़ा है, जिसमें पब विवाद के गंभीर आरोप हैं। अगली सुनवाई में शॉ का पक्ष अहम होगा।

मुंबई की डिंडोशी सेशंस कोर्ट से टीम इंडिया के युवा क्रिकेटर पृथ्वी शॉ को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. कोर्ट ने उन पर सिर्फ 100 रुपये का जुर्माना ठोका है, लेकिन इसकी गूंज क्रिकेट गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक सुनाई दे रही है. वजह ये कि कोर्ट की बार-बार चेतावनी और आखिरी मौका देने के बावजूद शॉ की तरफ से कोई जवाब दाखिल नहीं किया गया. बता दें ये पूरा मामला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सपना गिल की याचिका से जुड़ा है, जिसने शॉ पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

पब विवाद से कोर्ट तक पहुंचा मामला
खबरों की मानें तो फरवरी 2023 में मुंबई के अंधेरी स्थित एक पब में पृथ्वी शॉ और सपना गिल के बीच विवाद हुआ था. सपना गिल का आरोप है कि उनकी दोस्त ने शॉ से सेल्फी की मांग की, लेकिन उन्होंने मना कर फोन छीनकर फेंक दिया. जब गिल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उनके साथ धक्का-मुक्की हुई. इतना ही नहीं, सपना गिल ने शॉ और उनके दोस्तों पर गंभीर आरोप भी लगाए. उस वक्त पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद गिल सीधे अदालत पहुंच गईं.

कोर्ट की सख्ती और जुर्माने का फैसला
अप्रैल 2024 में मजिस्ट्रेट कोर्ट ने माना कि आरोप गंभीर हैं और जांच जरूरी है. आदेश दिया गया कि पुलिस रिपोर्ट पेश करे. मामला अब सेशंस कोर्ट में चल रहा है, जहां जज एस.एम. आगरकर ने साफ कहा कि शॉ को जवाब दाखिल करने के लिए कई मौके दिए गए, लेकिन हर बार समय मांगने के बावजूद जवाब नहीं आया. जून 13 को इसे आखिरी मौका बताया गया था, आखिरकार 9 सितंबर को कोर्ट ने कहा कि इतनी बार मौका देने के बाद भी जवाब न देना लापरवाही है.

फैंस और क्रिकेट जगत में हलचल
इस फैसले के बाद क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है. फैंस हैरान हैं कि एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर को इस तरह कोर्ट से जुर्माना और चेतावनी क्यों मिल रही है. सोशल मीडिया पर भी शॉ की चुप्पी पर सवाल उठ रहे हैं. जानकारों का कहना है कि अब गेंद पूरी तरह पृथ्वी शॉ के पाले में है. अगर अगली सुनवाई में उन्होंने ठोस जवाब नहीं दिया, तो ये मामला उनके करियर और छवि दोनों पर गहरा असर डाल सकता है.

W88 Sports News