
भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव पहली बार विंबलडन टूर्नामेंट का हिस्सा बनने पहुंचे और उन्होंने इस अनुभव को बेहद खास बताया. उन्होंने कहा, “यह मेरा पहली बार यहां आना है और मैं चाहता था कि सब कुछ बिल्कुल परफेक्ट हो.” इस मौके को खास बनाने के लिए सूर्या ने अपनी पत्नी को भी धन्यवाद दिया, जो पिछले कुछ दिनों से उनके साथ हैं और उन्हें ड्रेसिंग से लेकर प्रेजेंस तक हर चीज़ में मदद कर रही हैं.
जोकोविच से है सूर्या का खास लगाव
जब बात उनके फेवरेट टेनिस खिलाड़ियों की आई, तो सूर्या ने बिना हिचक नोवाक जोकोविच का नाम लिया. उन्होंने कहा कि वह सिर्फ जोकोविच को ही लाइव देखने के लिए विंबलडन आए हैं. पुराने खिलाड़ियों में उन्होंने रोजर फेडरर और पीट सैमप्रास को पसंदीदा बताया, लेकिन उनके ऑल टाइम फेवरेट अब भी जोकोविच ही हैं. मौजूदा पीढ़ी में उन्हें कार्लोस अल्कराज काफी प्रभावित कर रहे हैं.
धोनी संग डबल्स खेलने की ख्वाहिश
सूर्या से जब पूछा गया कि अगर उन्हें किसी क्रिकेटर के साथ टेनिस डबल्स खेलना हो तो वह किसे चुनेंगे, तो उन्होंने बिना देर किए कहा – “एमएस धोनी.”
सूर्या ने कहा, “धोनी में स्पीड है, दम है और उनका दिमाग बहुत तेज चलता है. मानसिक रूप से वो बहुत मजबूत हैं और हाल ही में जब भी उन्हें क्रिकेट से समय मिलता है, मैं उन्हें टेनिस खेलते हुए देखता हूं. इसलिए, हां, मेरे डबल्स पार्टनर सिर्फ धोनी होंगे.”
क्रिकेटर से टेनिस फैन तक
विंबलडन में भारतीय क्रिकेटर्स की मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है और अब सूर्यकुमार यादव भी इस लिस्ट में शामिल हो गए हैं. क्रिकेट के मैदान पर धमाल मचाने वाले सूर्या अब टेनिस प्रेमी के रूप में भी सामने आए हैं, जिससे उनके फैंस को उनके नए अंदाज़ में देखने का मौका मिला है.




