क्रिकेट

इतिहास रचा इटली ने: पहली बार टी20 वर्ल्ड कप में दी दस्तक, स्कॉटलैंड-जर्सी को पछाड़ा

इटली ने इतिहास रचते हुए पहली बार टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया है। रनरेट के आधार पर जर्सी को पछाड़ा, स्कॉटलैंड को हराया और अब 2026 वर्ल्ड कप में एक नई टीम का जोश देखने मिलेगा।

क्रिकेट जगत में बड़ा उलटफेर हुआ है. इटली, जिसने आज तक भारत जैसी बड़ी टीम के खिलाफ कोई इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेला, अब 2026 में होने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर चुका है. यह पहली बार है जब इटली इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का हिस्सा बनेगा, और इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने क्रिकेट के नक्शे पर एक नई टीम को मजबूती से खड़ा कर दिया है.

रनरेट बना भाग्यविधाता
हेग में शुक्रवार को खेले गए आखिरी मुकाबले में इटली को नीदरलैंड के हाथों 9 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. हालांकि इस हार के बावजूद इटली ने बेहतर नेट रनरेट (+0.612) के दम पर जर्सी (+0.306) को पीछे छोड़कर वर्ल्ड कप का टिकट कटा लिया. दोनों टीमें 5 अंकों पर बराबर थीं, लेकिन रनरेट ने इटली की किस्मत चमका दी.

स्कॉटलैंड बाहर, इटली चमका
टूर्नामेंट में इटली ने उम्मीद से बढ़कर प्रदर्शन किया. 5 जुलाई को उसने गर्नजी को 7 विकेट से हराया, जबकि 6 जुलाई को जर्सी के खिलाफ मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया. 9 जुलाई को इटली ने स्कॉटलैंड जैसी मजबूत टीम को 12 रन से हराकर धमाका कर दिया और उनकी वर्ल्ड कप की राह रोक दी.

नीदरलैंड ने भी पक्की की जगह
नीदरलैंड ने भी वर्ल्ड कप के लिए अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है. अंतिम मैच में उन्होंने इटली द्वारा दिए गए 134 रनों के लक्ष्य को केवल 16.2 ओवर में एक विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया. इस जीत से उनका टिकट भी पक्का हो गया.

2026 में दिखेगा नया रोमांच
2026 में भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में इटली की एंट्री इस टूर्नामेंट को और भी दिलचस्प बनाएगी. दुनिया को अब क्रिकेट के इस सबसे बड़े मंच पर एक नई टीम की ताकत और जज़्बा देखने को मिलेगा, जो आने वाले समय में कई सरप्राइज दे सकती है.