क्रिकेट

जीत के बीच कप्तान पर सवाल, धर्मशाला में फिर क्यों नहीं चला सूर्या का बल्ला, उठे सवाल तो मिला ये जवाब ?

धर्मशाला टी20 में भारत की जीत के बावजूद कप्तान सूर्यकुमार यादव का फॉर्म चर्चा में रहा। एक बार फिर उनका बल्ला शांत रहा, जिससे फैंस और एक्सपर्ट्स ने सवाल उठाए। मैच के बाद सूर्या ने खुद जवाब देते हुए भरोसा जताया।

धर्मशाला में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को हराकर सीरीज में 2-1 की बढ़त जरूर बना ली, लेकिन इस जीत के बावजूद एक सवाल जस का तस बना हुआ है। सवाल कप्तान सूर्यकुमार यादव के फॉर्म को लेकर है। मैच जीतने की खुशी के बीच एक बार फिर सूर्या का बल्ला खामोश रहा। टी20 इंटरनेशनल में लंबे समय से रन नहीं बना पा रहे सूर्यकुमार से फैंस को बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन धर्मशाला में भी वही कहानी दोहराई गई। जीत के बावजूद कप्तान का फॉर्म चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

धर्मशाला में भी नहीं बदली कहानी
तीसरे टी20 मुकाबले में सूर्यकुमार यादव 11 गेंदों पर सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें लुंगी नगीडी ने पवेलियन भेजा। यह विकेट ऐसे समय गिरा, जब टीम को कप्तान से पारी संभालने की उम्मीद थी। सूर्या के आउट होते ही स्टेडियम में बैठे फैंस एक बार फिर निराश दिखे। लगातार मैचों में फ्लॉप होने के बाद अब इंतजार और लंबा होता जा रहा है कि कब उनके बल्ले से टी20 इंटरनेशनल में एक बड़ी पारी देखने को मिलेगी।

आंकड़े बढ़ा रहे चिंता, पूरे साल नहीं आई बड़ी पारी
अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो सूर्यकुमार यादव की मुश्किलें साफ दिखती हैं। पिछली 21 टी20 इंटरनेशनल पारियों में उन्होंने सिर्फ 239 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 13.27 और स्ट्राइक रेट 118.90 का रहा है। साल 2025 में खेले गए 20 मैचों में उनके बल्ले से 213 रन निकले, लेकिन एक भी अर्धशतक नहीं आया। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 47 रन रहा है। टी20 फॉर्मेट में जिस खिलाड़ी को मैच विनर माना जाता है, उसके लिए ये आंकड़े टीम इंडिया के लिए चिंता बढ़ाने वाले हैं।

फैंस कह रहे आउट ऑफ फॉर्म
सूर्यकुमार यादव के इस प्रदर्शन को देखकर फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स उन्हें आउट ऑफ फॉर्म मान रहे हैं। पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ भी कह चुके हैं कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 को देखते हुए सूर्या का फॉर्म टीम के लिए बड़ी चिंता है। लेकिन खुद सूर्यकुमार इस बात से सहमत नहीं हैं। धर्मशाला मैच के बाद उन्होंने कहा कि वह नेट्स में अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और रन सही समय पर आएंगे। उन्होंने साफ कहा कि वह आउट ऑफ फॉर्म नहीं, बल्कि आउट ऑफ रन हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि कप्तान का यह भरोसा अगले मैचों में रन बनकर नजर आता है या फिर यह सवाल और गहराता जाता है।

W88 Sports News