क्रिकेट

सूर्यकुमार यादव की विंबलडन में स्टाइलिश एंट्री, क्रिकेट में खेलने की ख्वाहिश जताई टेनिस का ‘ट्वीनेर शॉट’

सूर्यकुमार यादव विंबलडन 2025 में स्टाइलिश अंदाज़ में पहुंचे। उन्होंने टेनिस के ट्वीनेर शॉट को क्रिकेट में लाने की इच्छा जताई। फिलहाल वह रिहैब में हैं और श्रीलंका सीरीज में उनका खेलना संदिग्ध है।

भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव इन दिनों इंग्लैंड में हैं और हाल ही में वह विंबलडन 2025 के मैच का लुत्फ उठाते नजर आए. सफेद कोट-पैंट में बेहद स्टाइलिश लुक में नजर आए सूर्या अपनी पत्नी देविशा शेट्टी के साथ दर्शकों की नजरों में छा गए. क्रिकेट मैदान पर अपने इनोवेटिव शॉट्स के लिए मशहूर सूर्या ने इस बार टेनिस के एक शॉट से प्रेरणा लेने की बात कहकर सबको चौंका दिया.

ट्वीनेर शॉट को क्रिकेट में लाने की ख्वाहिश
स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में सूर्यकुमार यादव ने कहा कि उन्हें टेनिस में खेले जाने वाला ‘ट्वीनेर शॉट’ काफी रोमांचक लगता है. उन्होंने कहा, “जब टेनिस खिलाड़ी दौड़ते हुए दोनों पैरों के बीच से गेंद को मारता है, वो ट्वीनेर शॉट होता है. यही एक शॉट है जो मुझे लगता है कि क्रिकेट में भी खेला जा सकता है, और मैं उसे ट्राई करना चाहता हूं.” सूर्या के इस बयान से उनके फैंस को एक बार फिर उनकी क्रिएटिव बैटिंग स्टाइल देखने की उम्मीद जगी है.

फिलहाल रिहैब में हैं सूर्या, टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं
सूर्यकुमार हाल ही में स्पोर्ट्स हर्निया सर्जरी से गुजरे हैं और फिलहाल रिकवरी की प्रक्रिया में हैं. वह इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन इंग्लैंड में मौजूद हैं, ऐसे में लॉर्ड्स में भारत-इंग्लैंड के तीसरे टेस्ट के दौरान उनकी मौजूदगी की उम्मीद है. फिलहाल सीरीज 1-1 से बराबर है, और तीसरा मैच काफी अहम माना जा रहा है.

श्रीलंका सीरीज में भी सूर्या का खेलना मुश्किल
सूत्रों के अनुसार बांग्लादेश दौरा रद्द होने के बाद श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने अगस्त में भारत के साथ सीरीज खेलने की पेशकश की है. हालांकि, सूर्यकुमार की फिटनेस को देखते हुए उनका इस सीरीज में खेलना संदिग्ध है.

विंबलडन में दिखे कई भारतीय क्रिकेट स्टार्स
सिर्फ सूर्या ही नहीं, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे और ऋषभ पंत जैसे क्रिकेटर्स भी विंबलडन 2025 के मैचों में नजर आए. यह दिखाता है कि क्रिकेट और टेनिस का यह संगम खिलाड़ियों को न सिर्फ प्रेरणा देता है, बल्कि खेलों के आपसी जुड़ाव को भी दर्शाता है.