
ब्लैकमेलिंग का बाउंसर: SRH की शिकायत पर HCA अध्यक्ष समेत पांच गिरफ्तार, टीम शिफ्टिंग की चेतावनी
SRH की ब्लैकमेलिंग शिकायत पर तेलंगाना CID ने HCA अध्यक्ष समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया। फ्री पास को लेकर विवाद बढ़ा, जिससे SRH ने टीम शिफ्टिंग की चेतावनी दी। मामला गंभीर जांच के दायरे में है।
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों ने हैदराबाद क्रिकेट संघ (HCA) की नींव हिला दी है. टीम की मालिक काव्या मारन की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए तेलंगाना CID ने एचसीए के अध्यक्ष ए जगन मोहन राव समेत चार अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया. शिकायत में SRH ने फेवर की मांग, ब्लैकमेलिंग और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए थे.
फ्री पास को लेकर दबाव और धमकी
SRH ने आईपीएल संचालन परिषद और BCCI को भेजे पत्र में आरोप लगाया था कि HCA बार-बार तय सीमा से अधिक मुफ्त पास की मांग कर रहा है. जब फ्रेंचाइजी ने इनकार किया, तो एचसीए के पदाधिकारी कथित तौर पर धमकी देने लगे कि वे स्टेडियम में मैच कराना मुश्किल कर देंगे. यह दबाव इतना बढ़ गया कि SRH ने घरेलू मैच हैदराबाद से बाहर शिफ्ट करने की चेतावनी तक दे डाली.
मुख्यमंत्री के आदेश पर CID जांच
SRH की शिकायत पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने जांच के आदेश दिए. इसके बाद CID ने एचसीए अध्यक्ष ए जगन मोहन राव, कोषाध्यक्ष सी श्रीनिवास राव, सीईओ सुनील कांते, महासचिव राजेंद्र यादव और उनकी पत्नी कविता को हिरासत में लिया. इन पर आर्थिक अनियमितता, पद के दुरुपयोग और संस्थागत ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोप हैं.
टीम शिफ्टिंग पर अटकलें तेज
इस विवाद के बाद एक बार फिर चर्चा में है कि क्या SRH अपनी घरेलू टीम को हैदराबाद से बाहर शिफ्ट कर सकती है. हालांकि अभी इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन BCCI की निगरानी में जारी जांच से संकेत मिलते हैं कि इस बार मामला रफा-दफा नहीं होगा. क्रिकेट फैंस इस मुद्दे की पारदर्शी जांच और जल्द समाधान की उम्मीद कर रहे हैं.




