
एशिया कप की तैयारी तेज़, हरमनप्रीत की अगुवाई में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उतरेगी नई भारतीय हॉकी टीम
भारतीय पुरुष हॉकी टीम एशिया कप की तैयारी के तहत ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएगी, जहां वह 15 से 21 अगस्त तक चार मुकाबले खेलेगी। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में 24 सदस्यीय टीम में युवाओं और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलन रखा गया है।
हॉकी इंडिया ने एशिया कप की तैयारियों को धार देने के उद्देश्य से भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा कर दी है. यह 24 सदस्यीय टीम 15 अगस्त से शुरू हो रहे ऑस्ट्रेलिया दौरे में हिस्सा लेगी. टीम की कप्तानी एक बार फिर अनुभवी ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह को सौंपी गई है. इस दौरे के तहत भारतीय टीम पर्थ में 15 से 21 अगस्त के बीच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मुकाबले खेलेगी.
पूवन्ना सीबी को पहली बार मिला मौका
इस टीम में एक नया नाम भी जुड़ा है—कर्नाटक के डिफेंडर पूवन्ना सीबी, जिन्हें पहली बार सीनियर टीम में शामिल किया गया है. वहीं गोलकीपिंग की जिम्मेदारी कृशन बी पाठक और सूरज करकेरा निभाएंगे. डिफेंस में इनके साथ सुमित, जरमनप्रीत सिंह, संजय, अमित रोहिदास, नीलम संजीप सेस और जुगराज सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी मौजूद रहेंगे.
मिडफील्ड में युवा और अनुभवी का मिश्रण
मिडफील्ड में टीम ने अनुभव और युवा जोश का बेहतरीन संयोजन पेश किया है. युवा राजिंदर सिंह, जिनकी तुलना अक्सर सरदार सिंह से होती है, को एक बार फिर मौका मिला है. उनके साथ राजकुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, रबिचंद्र मोइरांगथम और विष्णु कांत सिंह भी शामिल हैं.
फॉरवर्ड लाइन में दमदार खिलाड़ी
अटैकिंग लाइन में मनदीप सिंह, शिलानंद लाकड़ा, अभिषेक, सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह, सेल्वम कार्ति और आदित्य लालागे जैसे तेज़-तर्रार खिलाड़ी तैनात होंगे. ये सभी खिलाड़ी विपक्षी डिफेंस को तोड़ने की क्षमता रखते हैं.
कोच फुल्टोन ने बताई रणनीति
मुख्य कोच क्रेग फुल्टोन ने इस दौरे को “तकनीकी और शारीरिक मजबूती” के लिहाज से अहम बताया है. उन्होंने कहा, “हमने युवाओं को मौके इसलिए दिए हैं ताकि वे दबाव में खेलने की आदत डालें और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक्सपोजर मिले.”
राजगीर में होगा एशिया कप क्वालिफायर
गौरतलब है कि यह दौरा एशिया कप से पहले एक अहम अभ्यास मंच है, क्योंकि 29 अगस्त से बिहार के राजगीर में एशिया कप क्वालिफायर खेला जाएगा, जो 2026 वर्ल्ड कप के लिए सीढ़ी साबित होगा. टीम आठ अगस्त को बेंगलुरू से रवाना होगी.




