
सुल्तान अजलान शाह कप में भारत की धमाकेदार जीत, मलेशिया को 4-3 से हराया, कैसे पलटा मिनटों में खेल, पढ़ें
भारत ने सुल्तान अजलान शाह कप में मलेशिया को 4-3 से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। आखिरी क्वार्टर में कप्तान संजय के गोल ने मैच का रुख पलटा और भारतीय डिफेंस ने अंतिम पलों में मजबूत खेल दिखाते हुए जीत पक्की की।
सुल्तान अज़लान शाह कप 2025 में भारतीय हॉकी टीम ने मलेशिया को उसके ही घर में 4-3 से हराकर बड़ी जीत दर्ज की. इपोह में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और मेजबान मलेशिया को दबाव में रखा. मैच के सातवें मिनट में सुखजीत सिंह की शानदार मूव पर सेलवम कार्ती ने आसान गोल करते हुए भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई. हालांकि पहले क्वार्टर के अंत में यशदीप के ग्रीन कार्ड के बाद मिले पेनल्टी कॉर्नर पर मलेशिया ने स्कोर बराबर कर लिया.
हाफ टाइम तक भारत की मजबूत वापसी
दूसरे क्वार्टर में भारतीय फॉरवर्ड लगातार आक्रमण करते दिखाई दिए. हाई-प्रेसिंग रणनीति ने मलेशिया को काफी परेशान किया और इसी दौरान सुखजीत सिंह ने शांत दिमाग से दूसरा गोल दागते हुए भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई. भारत के पास बढ़त बढ़ाने के और मौके भी आए, लेकिन हाफ टाइम तक स्कोर 2-1 ही रहा. खेल के इस चरण में भारतीय मिडफील्ड ने शानदार तालमेल दिखाया और मलेशियाई डिफेंस को लगातार दवाब में रखा.
तीसरे क्वार्टर में उतार-चढ़ाव, दोनों टीमों के गोल
तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन टीम उसे गोल में नहीं बदल सकी. इसी दौरान जगराज सिंह को ग्रीन कार्ड मिलने से भारत को एक खिलाड़ी कम के साथ खेलना पड़ा और मलेशिया ने इस मौके का फायदा उठाते हुए दूसरा गोल कर मैच 2-2 से बराबर कर दिया. हालांकि भारत ने तुरंत पलटवार किया और अनुभवी अमित रोहिदास ने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार गोल करते हुए टीम को फिर से बढ़त दिलाई. लेकिन 43वें मिनट में सेलवम कार्ती को येलो कार्ड मिलने के बाद मलेशिया ने तीसरा गोल दागकर मैच को 3-3 कर दिया.
चौथे क्वार्टर का रोमांच और भारत की जीत
अंतिम क्वार्टर में दोनों टीमों ने जीत के लिए जोरदार कोशिश की. भारतीय गोलकीपर पवन ने एक जबरदस्त बचाव कर मलेशिया को बढ़त लेने से रोक दिया. इसी बीच कप्तान संजय ने पेनल्टी स्ट्रोक पर चौथा गोल दागकर भारत को 4-3 की निर्णायक बढ़त दिला दी. मैच के आखिरी मिनटों में मलेशिया को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय डिफेंस ने दमदार बचाव करते हुए जीत अपने नाम की. इस जीत के साथ भारत तीन मैचों में छह अंक लेकर पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है. टीम अब अपने अगले मुकाबले में गुरुवार को न्यूजीलैंड से भिड़ेगी.
W88 Sports News




