हॉकी

हॉकी के 100 सुनहरे साल: बढ़ेगा अनुदान, 7 नवंबर को देशभर में बजेगी हॉकी की गूंज

भारतीय हॉकी के 100 साल पूरे होने पर 7 नवंबर 2025 को देशभर में 1,000 मैचों के साथ राष्ट्रीय उत्सव मनाया जाएगा। हॉकी इंडिया ने अनुदान बढ़ाकर खेल के बुनियादी ढांचे और जमीनी प्रतिभाओं को नई ताकत दी है।

हॉकी इंडिया ने अपनी 15वीं कांग्रेस में भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने के मौके पर कई ऐतिहासिक घोषणाएं कीं. इस खास अवसर को मनाने के लिए 7 नवंबर 2025 को देशभर में एक भव्य राष्ट्रीय उत्सव आयोजित होगा, जिसमें एक साथ 1,000 हॉकी मैच खेले जाएंगे. इन मुकाबलों में पुरुष और महिला टीमें बराबर संख्या में उतरेंगी, जो खेल में समावेशिता और एकता का संदेश देंगी.

बढ़ी वित्तीय मदद – जमीनी स्तर पर बड़ा बदलाव
हॉकी इंडिया ने राष्ट्रीय और जमीनी स्तर के टूर्नामेंट्स के लिए वित्तीय अनुदान में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी की है. अब सीनियर पुरुष और महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए 70-70 लाख रुपये, जबकि जूनियर और सब-जूनियर स्तर की पुरुष व महिला चैंपियनशिप के आयोजन के लिए 30-30 लाख रुपये मिलेंगे. जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक राज्य को 25 लाख रुपये का समर्थन मिलेगा.

उत्सव में होगा देशभर की भागीदारी
7 नवंबर को आयोजित होने वाले इस महाउत्सव में देश के हर जिले में एक पुरुष और एक महिला हॉकी मैच खेला जाएगा. अनुमान है कि इस दिन करीब 36,000 खिलाड़ी (पुरुष और महिला बराबर) मैदान में उतरेंगे. यह आयोजन न केवल भारतीय हॉकी की समृद्ध विरासत को सम्मान देगा, बल्कि युवाओं को इस खेल से जुड़ने की नई प्रेरणा भी देगा.

भविष्य में निवेश – तिर्की का संदेश
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने कहा, “जब हम भारतीय हॉकी के 100 साल का उत्सव मना रहे हैं, तब हम अपनी स्वर्णिम विरासत का सम्मान करने के साथ-साथ भविष्य की नींव भी रख रहे हैं. यह वित्तीय सहायता अगली पीढ़ी के सपनों में सीधा निवेश है, ताकि कोई प्रतिभा संसाधनों की कमी से पीछे न रह जाए.”

रणनीतिक पहल – नई ऊर्जा का संचार
हॉकी इंडिया की इस पहल का उद्देश्य न केवल खेल का बुनियादी ढांचा मजबूत करना है, बल्कि आयोजन की गुणवत्ता में सुधार और वित्तीय बाधाओं को कम करके ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करना भी है. बढ़ी हुई मदद सीधे तौर पर खिलाड़ियों, कोचों और जमीनी स्तर के अधिकारियों को सशक्त बनाएगी, जो भारतीय हॉकी की असली ताकत हैं.