
तांगा चलाने वाले पिता की बेटी बनी भारत की हॉकी क्वीन रानी रामपाल, अब बंधी शादी के बंधन में
तांगा चलाने वाले पिता की बेटी रानी रामपाल ने संघर्ष से सफलता तक का सफर तय किया। भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान अब शादी के बंधन में बंध चुकी हैं। रानी ने ओलंपिक में भारत को नई पहचान दिलाई थी।
रानी रामपाल की सफलता की शुरुआत उनके पिता के संघर्ष से हुई थी. उनके पिता कुरुक्षेत्र में तांगा चलाते थे. रोज़ हॉकी खिलाड़ियों को मैदान में खेलते हुए देखकर उनके मन में एक सपना जागा कि उनकी बेटी भी एक दिन देश के लिए खेले. उन्होंने सिर्फ छह साल की उम्र में रानी को कोच बलदेव सिंह के पास हॉकी सिखाने के लिए भेज दिया. यहीं से रानी की जिंदगी ने नया मोड़ लिया.
14 साल की उम्र में रचा इतिहास
रानी ने महज 14 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय हॉकी में डेब्यू किया. वह इस स्तर पर खेलने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय खिलाड़ी बनीं. 2010 महिला विश्व कप में भी वह सबसे युवा खिलाड़ी थीं. अपनी मेहनत और खेल के दम पर उन्होंने जल्द ही टीम इंडिया में जगह पक्की कर ली.
भारतीय हॉकी को दी नई पहचान
रानी रामपाल की कप्तानी में भारतीय महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक्स 2020 में चौथा स्थान हासिल किया. यह ओलंपिक्स में भारतीय महिला टीम का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन था. रानी के नेतृत्व ने भारतीय हॉकी को नई पहचान दी और लाखों लड़कियों के लिए वह प्रेरणा बन गईं. उनके शानदार योगदान के लिए उन्हें अर्जुन अवॉर्ड और भीम पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
कठिन दौर में भी नहीं टूटीं रानी
टोक्यो ओलंपिक्स के बाद रानी टीम से बाहर हो गईं. इस दौरान वह चोट से जूझ रही थीं और कोच जेनेके शॉपमैन के साथ मतभेदों की खबरें भी आईं. 2022 के राष्ट्रीय खेलों में 6 मैचों में 18 गोल करने के बावजूद वह टीम में वापसी नहीं कर पाईं. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और हॉकी से जुड़े रहने का फैसला लिया.
अब कोच के रूप में निभा रहीं नई भूमिका
रानी रामपाल ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास लेने के बाद जूनियर महिला टीम की कोचिंग शुरू की. फिलहाल वह पटियाला की सरकारी हॉकी नर्सरी में युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर रही हैं. उनकी कहानी बताती है कि संघर्ष करने वाले कभी हार नहीं मानते.
नई जिंदगी की शुरुआत
रविवार यानी 2 नवंबर को रानी रामपाल ने अपने मंगेतर सीए पंकज सरोहा के साथ शादी कर ली. यह अरेंज मैरिज कुरुक्षेत्र में हिंदू रीति रिवाज से हुई. शादी में परिवार, करीबी दोस्त और खेल जगत के कई लोग शामिल हुए. सोशल मीडिया पर रानी की शादी की तस्वीरें वायरल हो रही हैं और फैंस लगातार उन्हें बधाई दे रहे हैं. तांगा चलाने वाले पिता की बेटी अब देश की हॉकी क्वीन ही नहीं, बल्कि अपनी नई जिंदगी की भी कप्तान बन चुकी हैं.
W88 Sports News




