
एशिया कप हॉकी 2025: पाकिस्तान ने भारत आने से किया इनकार, सुरक्षा कारणों का हवाला देकर बढ़ाया सस्पेंस
एशिया कप हॉकी 2025 में पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भारत में खेलने से इनकार कर दिया है। इससे टूर्नामेंट में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है और भारत-पाकिस्तान के खेल संबंधों पर सवाल उठ रहे हैं।
अगले महीने भारत में होने वाले एशिया कप हॉकी 2025 को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. पाकिस्तान हॉकी महासंघ (PHF) ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) और एशियन हॉकी फेडरेशन (AHF) को सूचित किया है कि मौजूदा हालात में उनकी टीम भारत में खेलने के लिए तैयार नहीं है. PHF ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टूर्नामेंट में भाग लेने से असमर्थता जताई है.
सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
PHF प्रमुख तारीक बुगती ने बयान जारी कर कहा, “हमने FIH और AHF को पत्र लिखा है कि मौजूदा माहौल को देखते हुए हमारी टीम भारत जाकर खेलने के लिए तैयार नहीं है.” उनका कहना है कि खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर ठोस गारंटी नहीं है, जिससे उनका ध्यान टूर्नामेंट से भटक सकता है. उन्होंने साफ किया कि अब यह फैसला अंतरराष्ट्रीय हॉकी निकायों के हाथ में है कि वे पाकिस्तान की स्थिति को कैसे हैंडल करते हैं.
भारत की खेल मेजबानी पर सवाल?
तारीक बुगती का यह बयान उस समय हास्यास्पद नजर आता है जब भारत लगातार अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की सफल मेजबानी करता रहा है. चाहे क्रिकेट वर्ल्ड कप हो, ओलंपिक क्वालीफायर या हॉकी वर्ल्ड लीग—भारत में दुनियाभर के खिलाड़ी बिना किसी डर के खेलते हैं. उल्टा, पाकिस्तान खुद कई वर्षों से सुरक्षा कारणों से घरेलू खेल आयोजन तक नहीं कर पा रहा है.
सरकार की चुप्पी, लेकिन संकेत साफ
हालांकि पाकिस्तान सरकार ने इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि टीम भारत नहीं जाएगी. यह मामला बिल्कुल वैसा ही है जैसा 2023 क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान हुआ था, जब PCB ने भी भारत आने से इनकार किया था, लेकिन आखिरकार उन्हें झुकना पड़ा.
खेल या सियासत का मोहरा?
पाकिस्तान का बार-बार सुरक्षा का मुद्दा उठाकर टूर्नामेंट से पीछे हटना यह दर्शाता है कि खेल वहां राजनीतिक दांवपेंच का हिस्सा बन गया है. अब देखना होगा कि FIH और AHF इस मामले में क्या रुख अपनाते हैं और क्या एशिया कप 2025 में पाकिस्तान की गैरमौजूदगी खेल के स्तर को प्रभावित करेगी या नहीं.




