अन्य खेल

उम्मीद और निराशा का साल, भारतीय बैडमिंटन में चमके युवा सितारे लेकिन दिग्गजों को क्यों झेलनी पड़ी मुश्किल

साल 2025 भारतीय बैडमिंटन के लिए बदलाव का साल रहा। युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन से उम्मीद जगाई, जबकि पीवी सिंधु और एचएस प्रणय जैसे दिग्गज फिटनेस और फॉर्म से जूझते दिखे।

साल 2025 भारतीय बैडमिंटन के लिए उतार चढ़ाव से भरा रहा। जहां कई बड़े खिलाड़ी फॉर्म और फिटनेस से जूझते नजर आए वहीं लक्ष्य सेन की एक खिताबी जीत ने राहत दी। लक्ष्य ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन सुपर 500 का खिताब जीतकर लंबे इंतजार को खत्म किया। यह 2023 के कनाडा ओपन के बाद उनका पहला सुपर 500 खिताब रहा। इससे पहले वह हांगकांग ओपन में उपविजेता रहे थे। लक्ष्य की यह जीत ऐसे समय आई जब भारतीय पुरुष एकल को एक स्थिर चेहरे की तलाश थी।

सात्विक चिराग की दमदार वापसी
पुरुष युगल में सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने एक बार फिर अपनी क्लास दिखाई। सीजन की शुरुआत में चोट और बीमारी से जूझने के बावजूद इस जोड़ी ने पेरिस वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता। इसके अलावा हांगकांग ओपन और चीन मास्टर्स के फाइनल में पहुंचकर उन्होंने मजबूत वापसी की। बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स के नॉकआउट चरण में पहुंचने वाली पहली भारतीय पुरुष युगल जोड़ी बनना भी उनकी बड़ी उपलब्धि रही।

युवा खिलाड़ियों ने जगाई उम्मीद
2025 में भारतीय बैडमिंटन के लिए सबसे सकारात्मक संकेत युवा खिलाड़ियों से मिले। 20 साल के आयुष शेट्टी ने अमेरिकन ओपन सुपर 300 का खिताब जीता और कई बड़े नामों को हराकर अपनी पहचान बनाई। 16 साल की तन्वी शर्मा ने वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर सबका ध्यान खींचा। उन्नति हुडा ने ओडिशा मास्टर्स सुपर 100 जीतकर रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई। गुवाहाटी मास्टर्स में संस्कार सारस्वत की खिताबी जीत ने भी भविष्य को लेकर भरोसा बढ़ाया।

दिग्गजों के लिए मुश्किल साल
जहां युवा चमके वहीं सीनियर खिलाड़ियों के लिए साल 2025 निराशाजनक रहा। पीवी सिंधु फिटनेस समस्याओं से जूझती रहीं और कई टूर्नामेंट्स में शुरुआती दौर में बाहर हो गईं। एचएस प्रणय के लिए भी चोटें सबसे बड़ी बाधा बनीं और वह लगातार लय नहीं पकड़ सके। टीम प्रतियोगिताओं में भी भारत का प्रदर्शन खास नहीं रहा। कुल मिलाकर 2025 ने यह साफ कर दिया कि भारतीय बैडमिंटन बदलाव के दौर में है जहां भविष्य उज्ज्वल दिखता है लेकिन वर्तमान चुनौतियों से भरा रहा।

W88 Sports News