अन्य खेल

समरस्लैम से पहले WWE में जंग छिड़ी! रोमन रेंस-पॉल हेमैन आमने-सामने, धमकी-टैग टीम मैच से मचा कोहराम

WWE यूनिवर्स में एक बार फिर भूचाल आ गया है. समरस्लैम 2025 से पहले एक बार फिर रोमन रेंस और उनके पूर्व सलाहकार पॉल हेमैन आमने-सामने आ गए हैं. सोशल मीडिया पर पॉल हेमैन ने एक तीखा वीडियो शेयर करते हुए रोमन रेंस को न सिर्फ चेतावनी दी, बल्कि यहां तक कह डाला कि उन्हें जिमी हॉफा के बगल में दफनाया जाएगा. हेमैन का यह बायन WWE फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया है.

समरस्लैम में होगा धमाकेदार टैग टीम मैच
इस बार समरस्लैम 2 या 3 अगस्त को होने जा रहा है और इस महा इवेंट में सबसे बड़ा आकर्षण होगा रोमन रेंस और जे उसो बनाम ब्रॉन ब्रेकर और ब्रॉन्सन रीड का टैग टीम मैच. इस मैच को लेकर फैंस में अभी से जबरदस्त उत्साह है. हेमैन ने वीडियो में कहा, “रोमन रेंस ने खुद अपना ज़हर चुना है, अब तारीख भी चुन लें, फर्क नहीं पड़ता. ब्रेकर और रीड तैयार हैं. हम न्यू जर्सी में उन्हें दफना देंगे.”

रॉ एपिसोड से शुरू हुई दुश्मनी
इस हाई-वोल्टेज फ्यूड की शुरुआत हुई मंडे नाइट रॉ से, जहां रोमन रेंस ने पॉल हेमैन को सार्वजनिक रूप से “बेवकूफ” कहा. रेंस ने दावा किया कि वह ट्राइबल चीफ इसलिए हैं क्योंकि फैंस उन्हें अब भी अपना लीडर मानते हैं, न कि किसी हेमैन की वजह से. रेंस के इन शब्दों से बौखलाए हेमैन ने पलटवार किया और नया अलायंस बना लिया.

“नया बिग डॉग” बनकर ब्रॉन ब्रेकर का हमला
रेंस की बातों के बीच ब्रॉन ब्रेकर की एंट्री होती है, जिन्होंने खुद को “नया बिग डॉग” बताते हुए रेंस पर हमला कर दिया. हालात बिगड़ते देख जे उसो ने आकर रोमन को बचाया, जिससे यह तय हो गया कि अब समरस्लैम में ये चार सुपरस्टार्स रिंग में एक-दूसरे से टकराएंगे.

सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है #RomanReigns और #PaulHeyman
हेमैन के धमाकेदार वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर #RomanReigns और #PaulHeyman टॉप ट्रेंड में शामिल हो चुके हैं. समरस्लैम 2025 से पहले WWE यूनिवर्स इस मुकाबले को लेकर बेताबी से इंतजार कर रहा है.