
अल्कारेज VS सिनर: नेटवर्थ की जंग में कौन है आगे? US Open 2025 में 44 करोड़ की जंग छिड़ी
यूएस ओपन 2025 फाइनल से पहले कार्लोस अल्कारेज और यानिक सिनर की नेटवर्थ को लेकर फैंस में जिज्ञासा है। अल्कारेज करीब 352 करोड़ रुपये की नेटवर्थ के साथ आगे हैं, जबकि सिनर 308 करोड़ रुपये पर पीछे हैं।
US Open 2025 का सिंगल्स फाइनल टेनिस फैंस के लिए किसी सुपरहिट ब्लॉकबस्टर से कम नहीं होगा। इस बार टेनिस कोर्ट पर भिड़ेंगे दुनिया के नंबर-एक खिलाड़ी यानिक सिनर और वर्ल्ड नंबर-दो कार्लोस अल्कारेज। खिताबी मुकाबले में दांव पर होंगे करीब 44 करोड़ रुपये, लेकिन इस हाई-वोल्टेज फाइनल से पहले हर किसी के मन में ये सवाल है कि आखिर इन दोनों टेनिस स्टार्स में से सबसे अमीर कौन है?
कार्लोस अल्कारेज की नेटवर्थ और कमाई
स्पेन के 22 साल के खिलाड़ी कार्लोस अल्कारेज कमाई के मामले में यानिक सिनर से आगे हैं। कार्लोस अल्कारेज की कुल नेटवर्थ करीब 40 मिलियन डॉलर (करीब 352 करोड़ रुपये) के आसपास है। साल 2018 में इंटरनेशनल टेनिस में डेब्यू करने वाले कॉर्लोस ने अभी तक करीब 83 करोड़ रुपये की प्राइज मनी जीती है।
अल्कारेज ने बेहद कम उम्र में कई बड़े माइलस्टोन छू लिए हैं। उनके नाम दो बार फ्रेंच ओपन (2024, 2025), दो बार विंबलडन (2023, 2024) और एक बार यूएस ओपन (2022) का खिताब दर्ज है। हालांकि, इसी साल जुलाई में हुए विंबलडन फाइनल में उन्हें यानिक सिनर से हार का सामना करना पड़ा था।
यानिक सिनर की कमाई और उपलब्धियां
भले ही इटली के टेनिस खिलाड़ी यानिक सिनर दुनिया के नंबर-एक खिलाड़ी है, लेकिन 24 साल का ये खिलाड़ी कमाई के मामले में कार्लोस अल्कारेज से पीछे हैं। यानिक सिनर की कुल नेटवर्थ करीब 35 मिलियन डॉलर (करीब 308 करोड़ रुपये) है। साल 2019 में नेक्स्ट जेनरेशन एटीपी फ़ाइनल्स और एटीपी न्यूकमर ऑफ द ईयर का खिताब जीतने के बाद वो साल 2021 बाद टॉप- 10 में जगह बनाने वाले 21वीं सदी के पहले खिलाड़ी बने।
खास बात यह है कि सिनर यूएस ओपन 2024 के चैंपियन भी हैं और अब वह 2025 में अपने खिताब का बचाव करने के लिए तैयार हैं। सिनर इस साल सभी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचने वाले चौथे खिलाड़ी बने हैं। इससे पहले यह उपलब्धि रॉड लेवर (1969), रोजर फेडरर (2006, 2007, 2008) और नोवाक जोकोविच (2015, 2021, 2023) हासिल कर चुके हैं।
W88 Sports News




