
बेटी का सपना बना मौत की वजह: म्यूजिक वीडियो को लेकर गुस्साए पिता ने टेनिस प्लेयर राधिका की ली जान
गुरुग्राम में टेनिस खिलाड़ी राधिका की पिता ने हत्या कर दी। इंस्टाग्राम पर म्यूजिक वीडियो शेयर करने को लेकर नाराज पिता ने रसोई में बेटी को गोली मार दी। सोशल मीडिया और अकैडमी को लेकर पहले से विवाद था।
गुरुग्राम में स्टेट लेवल टेनिस प्लेयर राधिका यादव की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस की जांच में पता चला है कि 25 वर्षीय राधिका द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक म्यूजिक वीडियो को लेकर उनके पिता दीपक यादव बेहद नाराज थे. वीडियो रैपर INAAM के गाने ‘कारवां’ का था, जिसमें राधिका कई सीन में नजर आई थीं. पिता ने बेटी से वीडियो हटाने को कहा, लेकिन राधिका ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बनने की चाहत में मना कर दिया.
टेनिस अकैडमी पर भी हुआ विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी दीपक यादव ने बताया कि गांव में लोग उसे बेटी की कमाई पर जीने का ताना मारते थे. इसी कारण उसने राधिका से टेनिस अकैडमी बंद करने के लिए कहा था, जो उसने टेनिस से चोट लगने के बाद शुरू की थी. बेटी के इनकार और सोशल मीडिया एक्टिविटी को लेकर पिता-पुत्री के बीच पहले से तनाव था.
रसोई में खाना बनाते वक्त मारी गई गोली
वारदात के दिन सुबह करीब 10:30 बजे राधिका जब रसोई में खाना बना रही थीं, तभी दीपक ने पीठ पर तीन गोलियां दाग दीं. आवाज सुनकर नीचे के फ्लोर पर रहने वाले दीपक के भाई कुलदीप यादव ऊपर पहुंचे तो देखा कि राधिका खून से लथपथ पड़ी है और पास के ड्राइंग रूम में रिवॉल्वर पड़ी थी.
चाचा ने दर्ज करवाई एफआईआर
राधिका के चाचा कुलदीप यादव ने ही पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई. उन्होंने बताया कि बेटी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के वक्त राधिका की मां भी घर पर थीं, पर उन्होंने बयान देने से इनकार कर दिया. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.




