टेनिस

विंबलडन में सिनियाकोवा-वरबीक ने मिश्रित युगल खिताब जीता, अमांडा खिताब से एक कदम दूर

टेनिस के सबसे बड़े टूर्नामेंट में शामिल विंबलडन अब अपने आखिरी पड़ाव पर है। जल्द ही इस साल विंबलडन के सभी कैटेगरी के विनर्स का नाम सामने होगा। विंबलडन के मिश्रित युगल कॉम्पिटिशन का विनर भी सामने आ गया है। कैटरीना सिनियाकोवा ने सेम वरबीक के साथ मिलकर लुइसा स्टेफनी और जो सैलिसबरी को हराकर विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट में मिश्रित युगल का खिताब अपने नाम किया है।

मिश्रित युगल कैटरीना सिनियाकोवा ने सेम वरबीक ने किया अपने नाम

विंबलडन जीतना हर टेनिस स्टार का ख्वाब होता है। तो साल 2025 विंबलडन में कैटरीना सिनियाकोवा ने सेम वरबीक ने मिश्रित कैटेगरी में ये खिताब अपने नाम कर लिया है। कैटरीना सिनियाकोवा ने सेम वरबीक ने लुइसा स्टेफनी और जो सैलिसबरी को हराया, दोनों खिलाड़ियों ने 7-6(3), 7-6(3) से हराकर विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट में मिश्रित युगल का खिताब अपने नाम कर लिया है। खास बात ये है कि सेम वरबीक का ये पहला ग्रैंड स्लैम खिताब है।

नीदरलैंड के खिलाड़ी ने गाना गाकर मनाया जश्न

जैसा कि हमने आपको बताया कि सेम वरबीक का ये पहला ग्रैंड स्लैम खिताब है। नीदरलैंड के खिलाड़ी ने अपने पिता के लिए जन्मदिन का गीत गाकर दर्शकों के साथ जश्न मनाया। वहीं, कैटरीना सिनियाकोवा दो बार की ओलंपिक चैंपियन भी रह चुकी हैं। उन्होंने पिछले साल पेरिस ओलंपिक खेलों में टॉमस मचाक के साथ मिश्रित युगल में गोल्ड मेडल जीता था। उन्होंने साल 2021 के तोक्यो ओलंपिक खेलों में बारबोरा क्रेजिकोवा के साथ मिलकर महिला युगल का गोल्ड मेडल जीता था। सिनियाकोवा ने जो 10 महिला युगल खिताब जीते हैं, उनमें से 7 क्रेजिकोवा के साथ, दो टेलर टाउनसेंड के साथ और एक पिछले साल के फ्रेंच ओपन में कोको गॉफ के साथ हासिल किया था।

अमांडा एनिसिमोवा ने फाइनल में अपनी कुर्सी की पक्की

मिश्रित कैटेगरी के साथ ही महिला एकल में एनिसिमोवा ने इतिहास रच दिया है। 13वीं वरीयता प्राप्त अमांडा एनिसिमोवा ने विंबलडन में टॉप रैंकिंग पर मौजूदा सबालेंका को 6-4, 4-6, 6-4 से हरा दिया। इस उलटफेर के साथ ही वो करियर में पहली बार ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंची हैं। बताते चलें, अमांडा एनिसिमोवा ने बर्नआउट के कारण एक साल पहले टेनिस से ब्रेक लिया था। न्यू जर्सी में जन्मी और फ्लोरिडा में पली-बढ़ी अनिसिमोवा 17 साल की उम्र में 2019 फ्रेंच ओपन में सेमीफाइनल में हार गई थीं। वो मेंटली भी काफी परेशान चल रही थीं।

जीत के बाद एनिसिमोवा ने कहा कि ‘ये अभी वास्तविक नहीं लग रहा है। मुझे नहीं पता कि मैंने ये जीत कैसे हासिल की।’ फाइनल की जंग के लिए अब शनिवार को उनका सामना इगा स्वियातेक से होगा। 5 बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्वियातेक ने बेलिंडा बेनसिच को 6-2, 6-0 से हराकर पहली बार ऑल इंग्लैंड क्लब में फाइनल में जगह बनाई। इस तरह लगातार 8वीं बार विंबलडन को नई महिला चैंपियन मिलेगी। सबालेंका अक्तूबर में स्वियातेक को हटाकर टॉप पर पहुंची थी। सबालेंका इस हार से सेरेना विलियम्स के बाद लगातार चार ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनने से चूक गईं।