टेनिस

विंबलडन 2025 में टूटा भारतीय फैंस का दिल, बोपन्ना-गिल पहले दौर में ही हो गए बाहर, अब इन खिलाड़ियों से है उम्मीद

विंबलडन की शुरुआत 30 जून से हो चुकी है। लेकिन बुधवार का दिन भारतीय दृष्टिकोण से काफी निराशाजनक रहा था। भारत के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना और उनके साछी सैंडल गिल को शुरुआती दौर में ही हार का सामना करना पड़ा है। जिसके चलते दोनों खिलाड़ी पुरुष युगल स्पर्धा से बाहर हो गए हैं।

रोहन बोप्पना को विंबलडन में मिली हार

तीसरे ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट विंबलडन में बुधवार को रोहन बोप्पना को हार मिली है। भारतीय खिलाड़ियों के लिए बुधवार का दिन काफी निराशाजनक रहा है। अनुभवी रोहन बोपन्ना और उनके जोड़ीदार सैंडर गिल शुरुआती दौर में हारकर पुरुष युगल स्पर्धा से बाहर हो गए। रोहन बोपन्ना और सैंडर गिल की जोड़ी तीसरी वरीयता प्राप्त जर्मन जोड़ी केविन क्राविएट्ज और टिम पुएट्ज से एक घंटे और चार मिनट में 3-6, 4-6 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हुई।

इसी के साथ ही भारत के अन्य युगल स्टार युकी भांबरी और उनके अमेरिकी जोड़ीदार रॉबर्ट गैलोवे ने फ्रांस के मैनुअल गुइनार्ड और मोनाको के रोमेन अर्नेडो को सीधे सेटों में हराकर विंबलडन पुरुष युगल प्रतियोगिता के दूसरे दौर में प्रवेश किया। एक घंटे और 49 मिनट तक चले पहले दौर के मुकाबले में 16वीं वरीयता प्राप्त इंडो-अमेरिकन जोड़ी ने अर्नोडो और गुइनार्ड को 7-6(8), 6-4 से हराया।

इन भारतीयों पर फैंस की है नजर

विंबलडन में अभी भारतीय फैंस के लिए उम्मीद के दरवाजे बंद नहीं हुए हैं। भांबरी पूरे खेल में तेज दिखे और गैलोवे के साथ पूरी तरह से तालमेल बिठाया, क्योंकि दोनों ने शुरुआत से ही बढ़त हासिल कर ली थी। भांबरी और उनके साथी के पास अपने प्रतिद्वंद्वी की सर्विस तोड़ने और पहला सेट 7-5 से जीतने का मौका था, लेकिन एक समय पर दो सेट पॉइंट होने के बावजूद वे ऐसा नहीं कर पाए। उन्होंने कोई गलती नहीं की और पहला सेट अपने नाम कर लिया।

हालांकि, दूसरे सेट में गुइनार्ड को चोट लगने से एक समय पर फैंस की धड़कनें बढ़ गईं थी। वो अपनी पीठ और गर्दन को पकड़कर जमीन पर गिर गए, लेकिन उन्होंने संघर्ष जारी रखा। भांबरी-गैलोवे अपनी योजना पर अडिग दिखे और जीत के साथ समाप्त हुए। ऋत्विक बोल्लीपल्ली और एन श्रीराम बालाजी अन्य दो भारतीय खिलाड़ी हैं, जो विंबलडन में अपने-अपने जोड़ीदारों रोमानिया के निकोलस बैरिएंटोस और मैक्सिको के मिगुएल रेयेस-वरेला के साथ खेलेंगे।