
एशिया कप 2025 का शेड्यूल आया सामने, टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान होंगे आमने-सामने!
इस साल भारत की मेजबानी में एशिया कप 2025 खेला जाना है। जिसके ऑफिशियल शेड्यूल को लेकर भी जानकारी सामने आई है। माना जा रहा था कि पहलगाम हमले के बाद टीम इंडिया पाकिस्तान के साथ मैच नहीं खेलेगी। हाल में कुछ ऐसी रिपोर्ट्स भी आईं थी, जिसमें कहा गया था कि भारत एशिया कप में भाग लेने से मना कर सकता है। लेकिन अब ये तमाम अटकलें दूर हो गई हैं।
एशिया कप 2025 के शेड्यूल पर आई अपडेट
जैसा कि हम जानते हैं आगामी विश्वकप के मद्देनजर एशिया कप का आयोजन होता है। अगले साल आईसीसी टी-20 विश्वकप खेला जाना है। इसके चलते इस बार एशिया कप टी-20 फॉर्मेंट में आयोजित होगा। इस आयोजन को लेकर निलंबन की बात सामने आ रही थी। लेकिन अब रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि एशिया कप 2025 की शुरुआत 10 सितंबर से हो सकती है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया कप 2025 (Asia Cup 2025) का आगाज 10 सितंबर से हो सकता है। साथ ही जुलाई के पहले हफ्ते में शेड्यूल जारी होने उम्मीद जताई जा रही है। रिपोर्ट में कहा गया है कि एशियाई क्रिकेट परिषद जुलाई के पहले सप्ताह में छह टीमों के टूर्नामेंट का कार्यक्रम जारी करने की योजना बना रही है। जल्द ही इसके शेड्यूल का ऐलान होगा। टूर्नामेंट भारत की मेजबानी में होगा। लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच मैच किसी न्यूट्रल वेन्यू कर होगा।
भारत और पाकिस्तान के बीच होगा मुकाबला
एशिया कप 2025 का ऑफिशियल शेड्यूल जुलाई के दूसरे हफ्ते में रिलीज किया जा सकता है। ये टूर्नामेंट भारत की मेजबानी में होना है, इसका मतलब है कि मैच भारत में खेले जाएंगे। लेकिन पाकिस्तान टीम भारत नहीं आएगी। ऐसे में पाकिस्तान के सभी मैचों को देश के बाहर आयोजित कराया जाएगा। जिसके वेन्यू के लिए जल्द ही फैसला हो सकता है। इवेंट में भारत और पाकिस्तान के साथ ही अफगानिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और यूएई भी लिस्ट में शामिल होंगे। बता दें, पाकिस्तान टीम के मुकाबलों के वेन्यू के लिए श्रीलंका और यूएई का नाम सामने आ रहा है।
पाकिस्तान की इस शर्त को मानेगा बीसीसीआई
इस साल चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन पाकिस्तान की मेजबानी में हुआ था। लेकिन टीम इंडिया ने इस टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान जाने से साफ इनकार कर दिया था। जिसके बाद भारत के मैच यूएई में करवाए गए थे। जबकि पाकिस्तान टीम इंडिया को अपने वतन बुलाना चाहता था। ऐसे में पाकिस्तान बोर्ड ने शर्त रखी कि अगर भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं आएगी, तो पाक टीम भी किसी भी इवेंट के लिए भारत नहीं जाएगी।
वहीं, दूसरी ओर पहलगाम में हुए आंतकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच काफी तनाव बढ़ गया है। बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इसको लेकर कहा है कि सरकार की मंशा के हिसाब से ही बीसीसीआई कदम उठाएगी। अब एशिया कप का प्रमोशन भी शुरू हो चुका है। जल्द ही इस पर आफिशियल अपडेट सामने आ सकती है।




