कबड्डी

प्रो कबड्डी लीग 2026 की तैयारी कर रहे खिलाड़ी ने दिखाई बेजुबान पर दया, तो लापरवाही के चलते गवांनी पड़ गई जान

कबड्डी खिलाड़ी की अचानक मौत की खबर ने सभी को हिला कर रख दिया है, क्योंकि खिलाड़ी की मौत की वजह रेबीज है। एक छोटी सी लापरवाही के वजह से खिलाड़ी को अपनी जान गवानी पड़ गई है। इस खबर ने कबड्डी जगत को हिलाकर रख दिया है। क्या है पूरी बात? जानिए…

यूपी में कबड्डी खिलाड़ी की हुई मौत

उत्तर प्रदेश के खुर्जा स्थित फराना गांव निवासी प्रदेश स्तरीय कबड्डी खिलाड़ी बृजेश सोलंकी की रेबीज से मौत हो गई। बृजेश की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं, साथी खिलाड़ियों में भी दुख की लहर है। बृजेश प्रो कबड्डी में चयन की तैयारी कर रहे थे। खिलाड़ी के चचेरे भाई शिवम ने बताया कि मार्च माह में गांव के नाली में एक कुत्ते का बच्चा गिर गया था। बृजेश ने वो अपने साथ से बाहर निकाला, तभी पिल्ले ने बृजेश के दाएं हाथ की उंगली में काट लिया।

कुत्ते के काटने को खिलाड़ी ने साधारण चोट समझकर नजरअंदाज कर दिया। उन्होंने वैक्सीन नहीं लगवाई। खिलाड़ी की दया ही उनके लिए मौत की वजह बन गई है। ये कहानी सुनने के बाद लोगों में बृजेश के लिए सम्मान भी पैदा हो रहा है। साथ ही हमदर्दी भी हो रही है। अगर बृजेश ने चोट को साधारण न समझा होता और नजरंदाज न किया होता, तो वो दुनिया में होते।

अचानक बिगड़ी तबियत, फिर डॉक्टर भी नहीं कर सके मदद

इस घटना के बाद बृजेश अपनी दिनचर्या में वापस आ गए। लेकिन बृहस्पतिवार की सुबह जब बृजेश सोकर उठे, तो उनका दायां हाथ सुन हो रहा था और उनको ठंड लगने लगी। उन्होंने नहाने के लिए परिजनों से मना कर दिया। परिजन कुछ समझ पाते कि दोपहर तक बृजेश पूरा शरीर सुन पड़ने लगा। फिर उनके परिवार के लोग उन्हें अलीगढ़ जनपद में स्थित जीवन ज्योति अस्पताल से दिल्ली के जीटीबी अस्पताल तक ले गए। लेकिन डॉक्टरों ने लक्षण के आधार पर रेबीज की बात कही। फिर शुक्रवार सुबह जब वो वापस अपने गांव आ रहे थे, तब बृजेश ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

प्रो कबड्डी लीग की कर रहे थे तैयारी

जानकारी के मुताबिक, बृजेश प्रो कबड्डी लीग की तैयारी कर रहे थे। प्रो कबड्डी खिलाड़ी अभिषेक ठाकुर के मार्गदर्शन में वो कबड्डी सीख रहे हैं। फरवरी में बृजेश ने प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। साथ ही वो प्रो कबड्डी लीग 2026 के लिए भी तैयार हो रहे थे। लेकिन इससे पहले ही उनकी जान चली गई। खिलाड़ी की मौत के बाद उनके घऱ में मातम पसरा हुआ है।