हॉकी

भारतीय हॉकी टीम के पूर्व खिलाड़ी को हुई ब्रेन क्लोटिंग की समस्या, बेहोश होकर गिरे और CM हेमंत सोरेन ने दिए ये निर्देश

भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी विमल लकड़ा की अचानक बिगड़ी तबियत ने खेल जगत में सनसनी मचा दी। झारखंड के खिलाड़ी की अचानक बिगड़ी तबियत की वजह से उन्हें रांची भेजा गया है। पूर्व खिलाड़ी की हालत नाजुक है, इसी के चलते ही वो रांची के क्यूरेस्टा अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं। खिलाड़ी की तबियत की जानकारी अब मुख्यमंत्री ने भी ली है।

विमल लकड़ा की हालत गंभीर, ICU में एडमिट

झारखंड और भारतीय हॉकी के पूर्व खिलाड़ी विमल लकड़ा की अचानक तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि सिर में गंभीर चोट और खून के थक्के जमने के कारण उन्हें सिमडेगा से रांची रेफर किया गया है, वो इस समय रांची के क्यूरेस्टा अस्पताल के आईसीयू में एडमिट हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि विमल लकड़ा बीते कुछ दिनों से अपने पैतृक गांव सिमडेगा में रह रहे थे।

जहां पर इस सोमवार को वो अपने खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। जिसके बाद उनके परिवार के लोग उन्हें सिमडेगा सदर अस्पताल ले गए। शुरुआती जांच के बाद पता चला कि उनके सिर में गंभीर चोट और स्थिति नाजुक है। जिसके बाद डाक्टरों ने उन्हें रांची रेफर किया। रांची के क्यूरेस्टा अस्पताल में विमल लकड़ा को आईसीयू में भर्ती किया गया है, जहां डॉक्टरों उनकी देखरेख कर रहे हैं। पूर्व खिलाड़ी को ब्रेन क्लॉटिंग की समस्या बताई जा रही है।

सीएम हेमंत सोरेन ने भी ली खिलाड़ी की खबर

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी खिलाड़ी की खबर ली है। हेमंत सोरेन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को उनके इलाज में हर संभव सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि “राज्य सरकार हॉकी खिलाड़ी विमल लकड़ा के उपचार को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उनके समुचित इलाज और देखभाल की जिम्मेदारी सरकार उठाएगी।” उनके निर्देश पर ही राज्य सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से विमल की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

फैंस कर रहे पूर्व खिलाड़ी के ठीक होने की कामना

हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष और सिमडेगा हॉकी संघ के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने बताया कि विमल लकड़ा नियमित रूप से अपने खेतों में काम करते थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर से सभी स्तब्ध हैं। हॉकी झारखंड के पदाधिकारी, खिलाड़ी और प्रशंसक उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। कई पूर्व खिलाड़ी और खेल प्रेमी रांची के क्यूरेस्टा अस्पताल पहुंचकर परिजनों से मुलाकात कर रहे हैं और सहयोग की पेशकश कर रहे हैं।

बता दें, विमल लकड़ा भारतीय हॉकी टीम के पूर्व सदस्य रहे हैं और उन्होंने कई इंटरनेशनल मुकाबलों में देश का प्रतिनिधित्व किया है। सिमडेगा जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्र से निकलकर नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर पहचान बनाना उनकी प्रतिभा और संघर्ष की कहानी को दर्शाता है। वो युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। फैंस उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं।