
गिल की कप्तानी पर नासिर हुसैन का यू-टर्न – अब की विराट से तुलना, बोले “शांत लेकिन असरदार लीडर
पहले टेस्ट में आलोचना के बाद नासिर हुसैन ने दूसरे टेस्ट में शुभमन गिल की कप्तानी की जमकर तारीफ की। गिल ने शांत लेकिन असरदार नेतृत्व दिखाया और विराट कोहली से तुलना पाई, साथ ही बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया।
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में शुभमन गिल की कप्तानी को लेकर कड़ी आलोचना की थी. उनका कहना था कि गिल मैदान पर सक्रिय नजर नहीं आए और टीम की रणनीति में स्पष्टता की कमी थी. कमेंट्री के दौरान नासिर ने यहां तक कह दिया था कि “ये साफ नहीं था कि मैदान पर असली इनचार्ज कौन है.”
दूसरे टेस्ट में गिल ने बदल दी तस्वीर
हालांकि, जब दूसरे टेस्ट में गिल की अगुआई में भारत ने इंग्लैंड को 336 रन से हराकर इतिहास रच दिया, तो नासिर हुसैन का सुर भी बदल गया. मैच के बाद उन्होंने गिल की कप्तानी की जमकर तारीफ करते हुए कहा, “आज वो पूरी तरह इनचार्ज दिख रहा था. कैमरा बार-बार उसकी ओर जा रहा था और वो लगातार फील्ड में बदलाव कर रहा था.”
कोहली से तुलना, पर अंदाज़ अलग
नासिर ने गिल की तुलना विराट कोहली से करते हुए कहा कि “गिल कोहली जैसा आक्रामक नहीं है, लेकिन उसमें अलग तरह का संयम है जो मैदान पर असर दिखाता है.” उन्होंने कहा, “वह शांत है, उसकी हार्टबीट बहुत धीमी है, लेकिन ऐसे ही लीडर बड़े मंच पर टीम को स्थिर रखते हैं. खासकर तब, जब पूरा भारत उन्हें देख रहा हो.”
बैटिंग में भी गिल का जलवा
कप्तानी के साथ-साथ गिल का बल्ला भी खूब बोला. उन्होंने मैच में दोनों पारियों को मिलाकर 430 रन ठोक दिए. पहली पारी में 269 और दूसरी में 161 रन बनाकर उन्होंने टीम को विशाल बढ़त दिलाई. उनकी इस ऐतिहासिक पारी की वजह से भारत ने इंग्लैंड को करारी शिकस्त दी.
टीम को मिला नया शांत योद्धा
नासिर ने यह भी माना कि गिल को ऋषभ पंत, केएल राहुल जैसे सीनियर्स से मदद मिल रही है, लेकिन अब वह कप्तान के रूप में निखरते नजर आ रहे हैं. शांत लेकिन प्रभावी नेतृत्व की इस मिसाल ने क्रिकेट जगत में गिल को एक नई पहचान दी है.




