
भारत के जेवलिन थ्रो एथलीट नीरज चोपड़ा ने हाल ही में टेनिस स्टार राधिका यादव की हत्या को लेकर खुलकर बात की। अपने पिता के हाथों हुई हत्या ने सभी को हैरान कर दिया है। नीरज चोपड़ा ने इस बारे में बात करते हुए कहा कि मैं इस बारे में कुछ लोगों से बात कर रहा था। हरियाणा से पहले ही प्रतिभाशाली एथलीट उभर कर आगे आई हैं और देश का नाम रोशन कर रही हैं।
राधिका यादव की हत्या पर क्या बोले नीरज चोपड़ा
भारत की टेनिस स्टार राधिका यादव की हत्या के मामले ने सभी को हैरान कर दिया था। राधिका के अपने ही पिता ने गोलियां दागकर अपनी ही बेटी को मौत के घाट उतार दिया। अब भारत के स्टार जेवलिन थ्रो एथलीट नीरज चोपड़ा ने भी इस पर रिएक्शन दिया है। नीरज चोपड़ा का कहना है कि ऐसे फैसले लेने के बजाय परिवार को एथलीटों को सपोर्ट करना चाहिए।
एनडीटीवी के मुताबिक नीरज चोपड़ा ने कहा कि “मैं इस बारे में कुछ लोगों से बात कर रहा था। हरियाणा से पहले ही प्रतिभाशाली एथलीट उभर कर आगे आई हैं और देश का नाम रोशन कर रही हैं। परिवार में आपको एक-दूसरे को सपोर्ट करना चाहिए। जो महिला एथलीट अच्छा कर रही हैं, उन्हें सबको प्रेरणा स्वरूप मानना चाहिए।”
क्यों हुई राधिका की हत्या
सभी के जहन में ये सवाल है कि आखिर एक पिता ने ही अपनी होनहार लड़की की हत्या क्यों कर दी। तो प्राप्त जानकारी के मुताबिक, राधिका के पिता दीपक यादव ने बेटी की हत्या की और अपना जुर्म कुबूल भी कर लिया है। दीपक ने बताया कि वो यह सुन-सुनकर तंग आ चुका था कि उसे अपनी बेटी की कमाई खानी पड़ रही है। वहीं पुलिस के स्टेटमेंट अनुसार राधिका द्वारा चलाई जा रही टेनिस अकादमी दोनों के बीच अनबन की बड़ी वजह बनी हुई थी।
बेटी के रील बनाने से खुश नहीं थे पिता
राधिका के पिता का कहना है कि वो बेटी की कमाई पर पल रहे हैं, ये सुनकर वो थक गए थे। इसी बीच अब मीडिया रिपोर्ट्स का दावा ये भी है कि राधिका के पिता उसके द्वारा रील बनाने से खुश नहीं थे। हालांकि दीपक यादव अलग-अलग तरह के बयान दे रहे हैं। पुलिस अभी मामले की जांच में जुटी है। 10 जुलाई, जिस दिन राधिका की हत्या हुई, उसी दिन उसकी मां का जन्मदिवस भी था। जानकारी के मुताबिक, वो किचन में कुछ पकाने गई और फिर उसके पिता ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।




