क्रिकेट

लॉर्ड्स में हार के बाद ICC Test Ranking में हुआ भारी नुकसान, कप्तान गिल हो सकते हैं टॉप-10 से बाहर!

भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड टीम के बीच में 5 मैचों की टेस्ट सीरीज जारी है। इस सीरीज में लॉर्ड्स में 22 रनों से हार के बाद भारतीय टीम 1-2 से पीछे हो गई है। लॉर्ड्स में हार की वजह से टीम इंडिया को सीरीज में पीछे होने के साथ ही खिलाड़ियों की रैकिंग में भी नुकसान झेलना पड़ रहा है। ऐतिहासिक मैदान पर सेंचुरी लगाने वाले जो रुट नंबर-1 बन गए हैं।

जो रुट बने नंबर-1

लॉर्ड्स के मैदान पर इंग्लिश बल्लेबाज जो रुट ने शतकीय पारी खेली थी। इसके बाद अब जब आईसीसी ने रैकिंग अपडेट की है, तो जो रुट नंबर-1 की कुर्सी पर आ गए हैं। उन्होंने अपने हमवतन हैरी ब्रूक को हटाकर नंबर वन की कुर्सी पर कब्जा किया है। बता दें, हैरी ब्रूक पिछले हफ्ते ही नंबर वन बल्लेबाज बने थे। लेकिन 16 जुलाई को आई नई टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में अब वो खिसककर नंबर 1 से सीधे नंबर 3 पर आ गए हैं। लॉर्ड्स टेस्ट में जो रूट ने दोनों पारियों को मिलाकर 144 रन बनाए थे। इसमें पहली पारी में उन्होंने शतक जमाते जमाते हुए 104 रन और दूसरी पारी में रूट 40 रन बनाकर आउट हुए थे।

केन विलियमसन और हैरी ब्रूक के बीच मुकाबला

नंबर एक की कुर्सी पर जो रुट के आने के बाद हैरी ब्रूक नंबर तीन पर खिसक गए हैं। दरअसल, ताजा टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज केन विलियमसन दूसरे नंबर पर आ गए हैं। उनके 867 रेटिंग पॉइंट हैं, जबकि जो रूट 888 रेटिंग पॉइंट के साथ नंबर वन की पोजिशन पर काबिज हैं। वहीं, पहले से तीसरे स्थान पर फिसलने वाले हैरी ब्रूक के 862 रेटिंग पॉइंट हैं।

शुभमन गिल हो सकते हैं टॉप-10 से बाहर?

भारतीय टीम की हार के साथ ही टीम के बल्लेबाजों को रैकिंग में भी नुकसान हुआ है। आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में यशस्वी जायसवाल जहां टॉप 5 से बाहर होने की कगार पर हैं तो वहीं शुभमन गिल पर टॉप 10 से बाहर जाने का खतरा मंडराता दिख रहा है। यशस्वी जायसवाल को स्टीव स्मिथ ने 5वें नंबर पर धकेल दिया है। कप्तान शुभमन गिल 3 पायदान गिरकर नंबर 9 पर आ गए हैं। इसी के साथ ही टेस्ट टीम के उप-कप्तान ऋषभ पंत को भी एक स्थान का नुकसान हुआ है। वो अब 7वें से 8वें नंबर पर आ पहुंचे हैं।