शेड्यूल

ऋषभ पंत चोटिल, टीम इंडिया में वापसी की दहलीज पर ईशान किशन! ओवल टेस्ट में जुरेल को मिलेगा बड़ा मौका?

मैनचेस्टर टेस्ट में ऋषभ पंत के चोटिल होने के बाद टीम इंडिया में ईशान किशन की वापसी की चर्चा तेज हो गई है. ओवल टेस्ट में ध्रुव जुरेल को विकेटकीपिंग की बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना है.

भारत को इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच के पहले ही दिन बड़ा झटका लगा, जब विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ऋषभ पंत चोटिल हो गए. बैटिंग के दौरान क्रिस वोक्स की बाउंसर उनके पैर पर जा लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत स्कैन के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक पंत को रिकवरी में लगभग 6 हफ्ते का समय लग सकता है, जिससे उनके बचे हुए टेस्ट में खेलने की संभावना लगभग खत्म हो गई है.

ध्रुव जुरेल को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
पंत की गैरमौजूदगी में टीम इंडिया के पास अब ध्रुव जुरेल ही एकमात्र विकल्प के रूप में बचते हैं. मैनचेस्टर टेस्ट में भी जुरेल विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी निभा रहे हैं और संभावना जताई जा रही है कि ओवल में होने वाले 5वें टेस्ट में भी उन्हें ही प्लेइंग इलेवन में मौका मिलेगा.

ईशान किशन की वापसी के संकेत
पंत की चोट के बाद चर्चा तेज हो गई है कि इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेल रहे ईशान किशन की भारतीय टीम में वापसी हो सकती है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ईशान को बैकअप कीपर के तौर पर टीम में शामिल करना चाहते हैं. ईशान ने भारत के लिए आखिरी टेस्ट जुलाई 2023 में खेला था, लेकिन आईपीएल को तवज्जो देने की वजह से वह लंबे समय से बाहर चल रहे थे.

काउंटी और आईपीएल में किया है दमदार प्रदर्शन
ईशान किशन ने हाल ही में नॉर्थहैम्पटनशायर की ओर से काउंटी डिवीजन-1 में दो शानदार पारियां खेली हैं—87 और 77 रन. इसके अलावा, आईपीएल 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से उन्होंने 14 मैचों में 354 रन बनाए और डेब्यू मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सिर्फ 45 गेंदों पर शतक जड़ दिया.

धोनी से तुलना, लेकिन चुनौती बड़ी
ईशान को उनकी आक्रामक बैटिंग स्टाइल के लिए ‘पॉकेट डायनामाइट’ और ‘दूसरा धोनी’ कहा जाता है, लेकिन राष्ट्रीय टीम में दोबारा जगह पक्की करना उनके लिए किसी चुनौती से कम नहीं होगा. अब देखना होगा कि वह पंत की गैरहाजिरी का कितना फायदा उठा पाते हैं.