ओलंपिक

ओलंपिक से जेल तक: सुशील कुमार की सुनहरी कहानी का काला अंत

ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार अब हत्या के आरोप में जेल लौटने को मजबूर हैं. छत्रसाल स्टेडियम में सागर धनखड़ की हत्या मामले में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी जमानत रद्द कर दी, जिससे उनका सुनहरा करियर बदनामी में बदल गया.

सुशील कुमार—भारत का वो नाम, जिसने कुश्ती में दो ओलंपिक पदक (2008 कांस्य, 2012 रजत), वर्ल्ड टाइटल, कॉमनवेल्थ गोल्ड और खेल रत्न, अर्जुन अवॉर्ड, पद्मश्री जैसे सम्मान हासिल किए. खेल के अखाड़े में उनकी बादशाहत बेमिसाल थी. लेकिन एक घटना ने उनकी पूरी छवि को मटियामेट कर दिया.

छत्रसाल की काली रात
4 मई 2021 की रात, दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में जूनियर पहलवान सागर धनखड़ की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई. पुलिस के मुताबिक, सुशील और उनके साथी पहलवानों ने डंडों और हथियारों से हमला किया. सागर कभी उनका बड़ा फैन और नेशनल जूनियर चैंपियन था, लेकिन किराये को लेकर विवाद ने रिश्ते को दुश्मनी में बदल दिया.

अपहरण से वारदात तक
उस रात सुशील और उसके गुट ने सागर और उसके दोस्तों को गन प्वाइंट पर अगवा कर स्टेडियम पहुंचाया. वहां लॉरेंस बिश्नोई और काला जठेड़ी गैंग के गुर्गे भी मौजूद थे. पिटाई के दौरान गोलियां चलीं, माहौल बेकाबू हो गया. पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन सुशील फरार हो गया.

फरारी और गिरफ्तारी
गिरफ्तारी से बचने के लिए सुशील ठिकाने बदलता रहा—कभी उत्तराखंड के आश्रम में, तो कभी नजफगढ़ और बहादुरगढ़ के फार्महाउसों में. दिल्ली नगर निगम के एक पार्षद के बेटे ने भी उसे छुपाने में मदद की. पुलिस ने एक लाख का इनाम घोषित किया और 23 मई 2021 को मुंडका से सुशील और उसके साथी अजय को गिरफ्तार कर लिया.

अदालत में तकरार
सुशील के वकील का दावा था कि उन्हें झूठा फंसाया गया और एफआईआर में देरी की गई. वहीं अभियोजन पक्ष ने सीसीटीवी, एफएसएल रिपोर्ट और गवाहों के बयान पेश किए, जिनमें सुशील को डंडा लेकर हमला करते देखा गया.

सुप्रीम कोर्ट का सख्त रुख
मार्च 2024 में दिल्ली हाईकोर्ट ने लंबी कैद और धीमे ट्रायल को देखते हुए उन्हें जमानत दी थी. लेकिन सागर के पिता की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने जमानत रद्द कर दी, यह कहते हुए कि सुशील गवाहों पर दबाव बना रहा है. अब उन्हें सात दिन में सरेंडर करना होगा.

सुनहरी विरासत का धुंधला अंत
देश का इकलौता दो ओलंपिक पदक विजेता पहलवान अब खेल के अखाड़े से जेल की सलाखों के पीछे लौटने को मजबूर है. एक गलती ने उसकी मेहनत और सम्मान को कलंक में बदल दिया.

W88 Sports News