SAFC

उमा बनीं एमपी की गोलकीपिंग सेंसेशन, अब राष्ट्रीय स्तर पर संभालेंगी गोलपोस्ट

मध्य प्रदेश की गोलकीपर उमा केवट को सीनियर महिला फुटबॉल टीम में चुना गया। शहडोल की इस खिलाड़ी ने अपनी शानदार गोलकीपिंग से सबको प्रभावित किया और अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के छोटे से कस्बे विचारपुर की बेटी और “मिनी ब्राज़ील” के नाम से मशहूर गोलकीपर उमा केवट ने बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। उमा को प्रदेश की सीनियर महिला फुटबॉल टीम में जगह दी गई है। उनका यह चयन उनके लगातार शानदार खेल और मेहनत का नतीजा है।

उमा की गोलकीपिंग ने सभी को किया प्रभावित
उमा ने हाल ही में राष्ट्रीय खेल दिवस पर राजधानी भोपाल के तात्या टोपे स्टेडियम में खेले गए प्रदर्शन मुकाबले में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। धार जिले की सरदारपुर टीम के खिलाफ उन्होंने गोलपोस्ट पर दीवार बनकर कई खतरनाक आक्रमण रोके। भले ही मैच 1-0 से सरदारपुर ने जीता हो, लेकिन दर्शकों के दिल विचारपुर की टीम और खासकर उमा ने जीता। भारतीय टीम में शामिल खिलाड़ी ज्योति चौहान ने शुरुआती गोल किया था, लेकिन इसके बाद पूरे खेल में उमा की गोलकीपिंग ने सबको प्रभावित किया। खेलमंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने उन्हें इस मौके पर सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर की ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

उमा के चयन से जिलेभर में खुशी की लहर
प्रदेश टीम के चयन शिविर का आयोजन रायसेन जिले के देवरी में हुआ था। प्रशिक्षक परम असावार के मुताबिक टीम पूरी तरह संतुलित है और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करेगी। टीम रविवार को भोपाल से रवाना हो चुकी है। प्रतियोगिता का आयोजन 10 से 14 सितंबर तक गुजरात के भावनगर में ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के तत्वावधान में होगा।

उमा के चयन पर जिलेभर में खुशी की लहर है। कलेक्टर केदार सिंह, सहायक संचालक खेल (NIS) फुटबॉल प्रशिक्षक रईस अहमद, खेलप्रेमी अनिल सिंह, लक्ष्मी सहिस, सीताराम सहिस और शंकर दाहिया ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

मध्य प्रदेश की महिला फुटबॉल टीम
मध्य प्रदेश की टीम में उमा केवट के साथ कनक वाधानी, वर्षा ओड, अनुरागिनी चक्रवर्ती, हर्षिता वाटे, दीप्ति, उमा उइके, सिद्धिका विश्नोई, सयुक्ता, आकांक्षा नारते, नंदनी, अवनी, निकिता धाकड़, पूजा वाटे, ललिता, अंजली शर्मा, रक्षिता, सपना, वंदना यादव और श्रेया रजक शामिल हैं। प्रशिक्षक परम असावार और गिरिश यादव, मैनेजर शाहिस्ता सिद्दिकी और फिजियो समरीन टीम के साथ हैं।

“मिनी ब्राज़ील की दीवार” पर टिकी सभी की निगाहें
उमा का यह चयन सिर्फ उनके परिवार के लिए ही नहीं बल्कि पूरे शहडोल और विचारपुर के लिए गर्व का क्षण है। अब सभी की निगाहें इस “मिनी ब्राज़ील की दीवार” पर टिकी हैं कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी अपने दमदार खेल से प्रदेश का परचम लहराएंगी।

W88 Sports News