
सिर पर नहीं था बाप का साया, लेकिन मां के आशीर्वाद ने बनाया मुथुसामी को ‘हीरा’, टीम इंडिया के खिलाफ चमका !
गुवाहाटी टेस्ट में सेनुरन मुथुसामी ने 7वें नंबर पर खेलते हुए धांसू शतक ठोक दिया। पिता के बिना पले मुथुसामी की सफलता उनकी मां के संघर्ष और समर्थन की कहानी है, जिसने उन्हें इंटरनेशनल स्टार बना दिया।
सेनुरन मुथुसामी का नाम भारत में ज्यादा लोग नहीं जानते थे, लेकिन गुवाहाटी टेस्ट में उनकी शतकीय पारी ने सबको हैरान कर दिया. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 7वें नंबर पर उतरकर 192 गेंदों में शानदार शतक जड़ा. उन्होंने बुमराह, सिराज और कुलदीप जैसे दिग्गज गेंदबाजों का सामना करते हुए अपने करियर का पहला टेस्ट शतक पूरा किया. इस पारी के बाद पूरी दुनिया में उनकी चर्चा होने लगी है.
तमिलनाडु के नागापट्टिनम से जुड़े पूर्वज
मुथुसामी भारतीय मूल के हैं और उनके पूर्वज तमिलनाडु के नागापट्टिनम से जुड़े हैं. उनका जन्म डरबन में हुआ, लेकिन बचपन बेहद मुश्किल रहा. 11 साल की उम्र में ही पिता का निधन हो गया. इसके बाद उनकी मां वाणी मूडली ने कठिन हालात में बेटे को अकेले पाला और क्रिकेट का सपना पूरा करवाया. उन्होंने खुद खेल सीखा, बेटे की प्रैक्टिस कराई और उसकी तकनीक के वीडियो बनाकर सुधार करवाया.
पिता के सपने को किया बेटे ने साकार
मुथुसामी के पिता का सपना था कि उनका बेटा साउथ अफ्रीका की टीम में खेले, और 2019 में भारत के खिलाफ विशाखापट्टनम टेस्ट में डेब्यू कर उन्होंने यह सपना पूरा किया. दिलचस्प संयोग यह है कि अपने करियर का पहला शतक भी उन्होंने भारत के खिलाफ ही जड़ा. उनकी यह पारी न सिर्फ यादगार रही बल्कि कई रिकॉर्ड भी तोड़ गई. मुथुसामी भारत में 7वें नंबर पर शतक लगाने वाले पिछले 15 सालों में सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बने हैं. इससे पहले क्विंटन डिकॉक ने 2019 में ऐसा किया था. वह पिछले 6 सालों में भारत में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज भी हैं. इससे पहले 2019 में यह उपलब्धि डीन एल्गर ने हासिल की थी.
पाकिस्तान और बांग्लादेश में भी फिफ्टी प्लस स्कोर
मुथुसामी न सिर्फ भारत बल्कि पाकिस्तान और बांग्लादेश में भी फिफ्टी प्लस स्कोर बना चुके हैं. वह इन तीनों देशों में पचास या उससे ज्यादा रन बनाने वाले सिर्फ चौथे साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज बने हैं. उनसे पहले टेंबा बावुमा, मार्क बाउचर और ग्रेम स्मिथ ही यह उपलब्धि हासिल कर पाए थे. उनकी यह पारी उन्हें दिग्गजों की सूची में शामिल कर देती है.
W88 Sports News




