क्रिकेटहॉकी

Jemimah Rodrigues का बड़ा खुलासा, क्रिकेट से पहले हॉकी में मिला था राज्य टीम का टिकट, जानिए किस शो में क्या?

काजोल के शो में जेमिमा रोड्रिग्स ने खुलासा किया कि क्रिकेट से पहले उन्हें हॉकी में राज्य टीम के लिए चुना गया था। 400 लड़कों के बीच ट्रेनिंग करने वाली जेमिमा आज भारत की स्टार क्रिकेटर और कई लड़कियों की प्रेरणा हैं।

काजोल और ट्विंकल खन्ना के चैट शो टू मच विद काजोल में विश्व कप विजेता जेमिमा रोड्रिग्स और शेफाली वर्मा ने शिरकत की. इस दौरान जेमिमा ने अपने करियर का ऐसा किस्सा बताया जिसने सभी को हैरान कर दिया. उन्होंने खुलासा किया कि क्रिकेटर बनने से पहले उनकी जिंदगी हॉकी की दिशा में जा रही थी. दरअसल, बांद्रा में शिफ्ट होने के बाद उनके चाचा ने उन्हें हॉकी खेलने के लिए प्रेरित किया. जेमिमा ने जैसे ही हॉकी खेलना शुरू किया, वह इसमें इतनी अच्छी हो गईं कि क्रिकेट से पहले हॉकी में राज्य टीम के लिए चुन ली गई थीं.

हॉकी या क्रिकेट? जेमिमा ने कैसे चुना अपना रास्ता
जेमिमा ने बताया कि उनके दोस्त तक मानने लगे थे कि वह इंडिया की हॉकी टीम में खेलेंगी. लेकिन जब दोनों खेलों के बीच फैसला लेने का समय आया, तो उन्होंने क्रिकेट को चुना. जिसकी वजह क्रिकेट में वो ज्यादा ऊंचाई तक पहुंच चुकी थीं, जबकि हॉकी में वो शुरुआती स्तर पर थीं. उन्होंने कहा कि भले ही उन्होंने क्रिकेट चुना, लेकिन उनका सपना है कि वह एक दिन भारत के लिए दोनों खेलों में खेलें. उनकी यह बात सुनकर सेट पर मौजूद सभी लोग उत्साहित हो उठे.

जब एकमात्र लड़की होकर 400 लड़कों के बीच की ट्रेनिंग
जेमिमा ने अपनी शुरुआती क्रिकेट जर्नी भी साझा की, जो कम चुनौतीपूर्ण नहीं थी. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने क्लब क्रिकेट खेलना शुरू किया था, तब लड़कियों के लिए अलग नेट्स नहीं थे. इसलिए उनके पिता ने उन्हें ऐसे अकादमी में भेजा जहां 400 लड़के थे और वह अकेली लड़की थीं. इससे शुरुआत में उन्हें काफी असहज स्थिति का सामना करना पड़ा. वार्म-अप के दौरान कोई लड़का उनके साथ खड़ा नहीं होता था. यहां तक कि जो उनसे बात करता, उसे बाकी लड़के चिढ़ाते थे. उन्होंने कहा कि यह सब देखकर उन्हें एक बात समझ आई अगर मेहनत और हिम्मत हो तो कोई भी माहौल आपको रोक नहीं सकता.

चुनौतियों से निकलकर बनीं भारत की स्टार बल्लेबाज़
जेमिमा ने बताया कि इन शुरुआती संघर्षों ने ही उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाया और बड़े स्तर के लिए तैयार किया. लड़कों के बीच लगातार ट्रेनिंग करने से उनकी तकनीक और फिटनेस दोनों में निखार आया. यही वजह है कि आज वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक हैं. शो के दौरान काजोल और ट्विंकल खन्ना ने भी उनकी दृढ़ता की सराहना की और कहा कि जेमिमा आज युवा लड़कियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं.

W88 Sport News