
वनडे टीम की रेस में विकेटकीपर फंसा, राहुल-ईशान फेल, अब पंत या सैमसन किसका खुलेगा भारत का दरवाजा?
विजय हजारे में राहुल और ईशान के फ्लॉप शो ने वनडे विकेटकीपर की रेस उलझा दी है। अब चयनकर्ताओं की नजर ऋषभ पंत और संजू सैमसन पर टिकी है, जिनकी अगली पारियां न्यूजीलैंड सीरीज का फैसला कर सकती हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया के चयन ने माहौल गर्म कर दिया है। विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के मुकाबले इसी वजह से बेहद अहम बन गए हैं। सबसे बड़ा सवाल विकेटकीपर को लेकर है। ऋषभ पंत के हालिया घरेलू प्रदर्शन के बाद उनकी जगह को लेकर बहस तेज है। दावेदारों में ईशान किशन, संजू सैमसन और केएल राहुल शामिल हैं। शनिवार के मैचों पर चयनकर्ताओं की खास नजर रही।
केएल राहुल नहीं छोड़ पाए असर
त्रिपुरा के खिलाफ कर्नाटक के लिए खेलते हुए केएल राहुल से बड़ी पारी की उम्मीद थी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कर्नाटक ने 332 रन का मजबूत स्कोर बनाया, जिसमें देवदत्त पडिक्कल के शतक ने चमक बिखेरी। लेकिन राहुल पांचवें नंबर पर उतरकर सिर्फ 35 रन ही बना सके। 28 गेंदों की पारी में उन्होंने कुछ आकर्षक शॉट जरूर लगाए, मगर बड़ी जिम्मेदारी निभाने से चूक गए। विकेटकीपर के तौर पर लगातार मौके पा रहे राहुल के लिए यह पारी चयन की रेस में कमजोर कड़ी बनती दिखी।
ईशान किशन की बदली भूमिका
झारखंड के कप्तान ईशान किशन भी केरल के खिलाफ बल्ले से प्रभावित नहीं कर सके। हैरानी की बात यह रही कि उन्हें ओपनिंग की जगह पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करनी पड़ी। झारखंड ने 311 रन का स्कोर खड़ा किया, जिसमें कुमार कुशाग्र की 143 रन की नाबाद पारी सबसे बड़ी कहानी रही। वहीं ईशान किशन 21 गेंदों में सिर्फ 21 रन बनाकर आउट हो गए। सीमित मौके में बड़ी पारी न खेल पाना उनके दावे को कमजोर करता नजर आया, खासकर तब जब चयन का दबाव चरम पर है।
अब पंत और सैमसन की बारी
राहुल और ईशान के फेल होने के बाद निगाहें अब ऋषभ पंत और संजू सैमसन पर टिक गई हैं। सैमसन केरल की ओर से लक्ष्य का पीछा करते हुए क्रीज पर टिके हुए थे, जबकि पंत को दिल्ली की तरफ से बल्लेबाजी करना बाकी है। सर्विसेज को सस्ते में समेटने के बाद दिल्ली ने अच्छी शुरुआत की है। अब इन दोनों की पारियां तय कर सकती हैं कि न्यूजीलैंड दौरे पर टीम इंडिया के विकेटकीपर की जिम्मेदारी आखिर किसे सौंपी जाएगी।
W88 Sports News




