क्रिकेट

BCCI की पाकिस्तान को खरी-खरी, नियमों का पढ़ाया ऐसे पाठ, एक क्लिक में जानें

भारत-पाकिस्तान मैच के बाद हैंडशेक विवाद पर बीसीसीआई ने सख्त रुख अपनाया। अधिकारियों ने कहा कि खिलाड़ियों का हाथ मिलाना परंपरा है, नियम नहीं। PCB की शिकायत पर पलटवार करते हुए बीसीसीआई ने पाकिस्तान को नियम पुस्तिका का हवाला दिया।

एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए हाईवोल्टेज मैच के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है, दरअसल, भारतीय खिलाड़ियों ने मैच के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था. इस पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB ने एशियन क्रिकेट काउंसिल ACC और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ICC में शिकायत दर्ज कराई. पीसीबी का आरोप है कि ये खेल की भावना के खिलाफ है और मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने भी मामले को सही तरीके से नहीं संभाला.

बीसीसीआई की सख्त प्रतिक्रिया
अब इस मामले पर बीसीसीआई ने भी अपनी चुप्पी तोड़ी और सीधा पलटवार किया. बीसीसीआई अधिकारियों ने साफ कहा कि खिलाड़ियों के हैंडशेक को लेकर कोई नियम ही नहीं है. ये केवल एक परंपरा है, न कि कोई कानूनी बाध्यता. ऐसे में अगर भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान से हाथ नहीं मिलाते तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है. बीसीसीआई अधिकारी ने कहा अगर आप नियम पुस्तिका पढ़ेंगे तो पाएंगे कि हाथ मिलाना केवल खेल भावना के तहत होता है, ये कोई कानून नहीं है. ऐसे में भारतीय टीम किसी भी विरोधी टीम से हाथ मिलाने के लिए बाध्य नहीं है. खासकर तब जब उस टीम के साथ रिश्ते हमेशा तनावपूर्ण रहे हों.

राजनीतिक तनाव का असर
बीसीसीआई ने ये भी इशारा दिया कि भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक संबंध बेहद तनावपूर्ण हैं. ऐसे में खिलाड़ियों से उम्मीद नहीं की जा सकती कि वे मैच के बाद जबरदस्ती विरोधी टीम से हाथ मिलाएं या दोस्ताना व्यवहार करें. अधिकारी ने साफ कहा खेल भावना का मतलब यह नहीं है कि हम नियम तोड़े बिना भी किसी मजबूरी में पड़ जाएं. वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सिर्फ शिकायत तक बात नहीं रोकी. पीसीबी ने मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें प्रतियोगिता से तुरंत हटाने की मांग की है. पीसीबी का आरोप है कि पाइक्रॉफ्ट ने आईसीसी की आचार संहिता और क्रिकेट भावना से जुड़ी एमसीसी की गाइडलाइन का उल्लंघन किया. यहां तक कि बोर्ड प्रमुख मोहसिन नकवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मैच रेफरी को तुरंत हटाया जाए.

W88 Sports News