
नेपाल बवाल का वहां के खिलाडियों पर भी असर, फुटबॉल मैच पर भी आई बवाल की आंच, पढ़ें
नेपाल सरकार द्वारा सोशल मीडिया बैन के बाद भड़की हिंसा ने खेल जगत को भी प्रभावित किया। काठमांडू में हालात बिगड़ने पर नेपाल-बांग्लादेश फुटबॉल मैच स्थगित कर दिया गया। बांग्लादेशी टीम होटल में फंसी रही और मुकाबले की नई तारीख तय नहीं हुई।
नेपाल सरकार द्वारा फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और यूट्यूब समेत 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अचानक बैन लगाने का फैसला देश में बड़ा बवाल बन गया. प्रधानमंत्री केपी ओली के इस कदम ने पहले से नाराज युवाओं के गुस्से को और भड़का दिया.
काठमांडू में हिंसक प्रदर्शन, संसद पर धावा
सोमवार 8 सितंबर को राजधानी काठमांडू समेत कई शहरों में हजारों युवा सड़क पर उतर आए. देखते ही देखते प्रदर्शन हिंसक हो गए और भीड़ संसद भवन तक पहुंच गई. पुलिस को हालात काबू करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा, जिसमें 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई.
फुटबॉल मैच पर भी पड़ी बवाल की आंच
इस हिंसा का असर खेल जगत पर भी पड़ा. नेपाल और बांग्लादेश के बीच 9 सितंबर को खेले जाने वाला दोस्ताना फुटबॉल मैच स्थगित कर दिया गया. शनिवार को खेले गए पहले मैच में 0-0 से ड्रॉ के बाद फैंस दूसरे मैच का इंतजार कर रहे थे, लेकिन बवाल ने सभी योजनाओं पर पानी फेर दिया.
होटल में फंसी बांग्लादेशी टीम
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांग्लादेशी टीम को सोमवार दोपहर 3 बजे प्रैक्टिस सेशन के लिए निकलना था. लेकिन जैसे ही खिलाड़ी होटल से बाहर आने लगे, उन्हें शहर में फैले तनाव और प्रदर्शन की जानकारी दी गई. सुरक्षा कारणों से पूरी टीम को होटल में ही रोक दिया गया.
मुकाबला कब होगा, अभी सस्पेंस बरकरार
आयोजकों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि स्थगित मैच कब खेला जाएगा. नेपाल में हालात सामान्य होने तक इसे टालने का फैसला लिया गया है. फिलहाल फैंस और खिलाड़ी दोनों ही इस फैसले का इंतजार कर रहे हैं.
W88 Sports News




