
कौन हैं वो UAE का धाकड़ गेंदबाज, जिसने पाकिस्तान के बल्लेबाजों को सीखाया सबक, गिल से है खास कनेक्शन ?
एशिया कप 2025 में UAE के स्पिनर सिमरनजीत सिंह ने पाकिस्तान को मुश्किल में डाल दिया। लुधियाना से निकले इस गेंदबाज का खास रिश्ता शुभमन गिल से है। उनकी फिरकी ने पाक बल्लेबाजों को बिखेरकर क्रिकेट जगत का ध्यान खींच लिया।
एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान भले ही जीत दर्ज कर गया हो, लेकिन असली चर्चा UAE के स्पिनर सिमरनजीत सिंह की हुई, जिन्होंने दुबई के मैदान पर पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाजों की हालत खराब कर दी. महज 26 रन देकर तीन विकेट लेकर उन्होंने पाक बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया. उनकी गेंदों पर सलमान आगा की सेना ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. खास बात ये है कि इस गेंदबाज का सीधा कनेक्शन भारत और खासकर टीम इंडिया के स्टार शुभमन गिल से भी जुड़ता है.
शुभमन गिल को नेट्स पर गेंदबाजी कराई
रिपोर्ट्स की मानें तो सिमरनजीत सिंह पंजाब के लुधियाना के रहने वाले हैं. कभी ऐसे दिन भी आए कि भूखे पेट रातें गुजारनी पड़ीं और कई बार गुरुद्वारे के लंगर से पेट भरना पड़ा लेकिन क्रिकेट का जुनून इतना था कि मुश्किल हालात भी उन्हें रोक नहीं सके. पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन में ट्रेनिंग के दौरान उन्होंने कई बार शुभमन गिल को नेट्स पर गेंदबाजी कराई. खुद सिमरनजीत बताते हैं कि जब गिल 11-12 साल के थे और अपने पिता के साथ ट्रेनिंग करने आते थे, तो वे प्रैक्टिस खत्म होने के बाद भी रुककर उन्हें बॉलिंग कराते थे. आज वही गिल टीम इंडिया के स्टार हैं और उनका पुराना साथी सिमरनजीत UAE के लिए पाकिस्तान को सबक सिखा रहा है.
पंजाब के ‘शेर’ ने जीता सबका दिल
भारत में जिला क्रिकेट और रणजी ट्रॉफी तक खेलने वाले सिमरनजीत को बड़े मौके नहीं मिल सके. 2021 में वो 20 दिनों के लिए दुबई आए, लेकिन कोरोना लॉकडाउन में यहीं फंस गए. मजबूरी में जूनियर खिलाड़ियों को कोचिंग देने लगे. तीन डोमेस्टिक सत्र पूरे करने के बाद उन्होंने UAE टीम के कोच लालचंद राजपूत से ट्रायल मांगा और अपनी काबिलियत से टीम में जगह बना ली। अब यही खिलाड़ी इंटरनेशनल मंच पर पाकिस्तान जैसे बड़े प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ चमक रहा है. पाकिस्तान के खिलाफ इस मैच में उन्होंने पहले फखर जमान को 50 रन पर रोककर बड़ा झटका दिया. फिर हसन नवाज और खुशदिल शाह को भी पवेलियन भेज दिया. उनकी फ्लाइट, टर्न और स्पिन देखकर पाकिस्तानी बल्लेबाज बेबस नजर आए. सोशल मीडिया पर फैन्स कह रहे हैं ये असली पंजाब का शेर है. भले ही UAE मैच हार गया, लेकिन सिमरनजीत सिंह ने हर भारतीय का दिल जीत लिया.
W88 Sports News




