SAFC

क्रिस्टल पैलेस में बढ़ा बवाल, कप्तान की बिक्री पर भड़के कोच, क्या अब ओलिवर ग्लासनर की जाएगी कुर्सी ?

क्रिस्टल पैलेस में कप्तान मार्क गुएही की बिक्री पर कोच ओलिवर ग्लासनर भड़क गए हैं। खराब नतीजों और बयानबाजी के बीच अब उनकी कुर्सी पर भी खतरा मंडराने लगा है।

क्रिस्टल पैलेस के लिए पिछले कुछ हफ्ते काफी मुश्किल भरे रहे हैं। पहले टीम को एफए कप में नॉन लीग क्लब मैक्लेसफील्ड के खिलाफ शर्मनाक हार झेलनी पड़ी। इसके बाद प्रीमियर लीग में सुंदरलैंड के खिलाफ 2-1 से हार ने हालात और बिगाड़ दिए। लगातार खराब नतीजों की वजह से टीम का आत्मविश्वास भी डगमगाता नजर आ रहा है। एक समय लीग में मजबूत शुरुआत करने वाली पैलेस अब अंक तालिका में फिसलकर 13वें स्थान पर पहुंच चुकी है। मैदान पर खराब प्रदर्शन के बीच अब क्लब के अंदरूनी हालात भी बिगड़ते दिख रहे हैं।

कप्तान की बिक्री पर कोच का फूटा गुस्सा
इस पूरे विवाद की जड़ बने हैं क्लब कप्तान मार्क गुएही। इंग्लैंड के इस डिफेंडर का मैनचेस्टर सिटी में जाना लगभग तय माना जा रहा है और दोनों क्लबों के बीच करीब 20 मिलियन पाउंड की डील पर सहमति बन चुकी है। गुएही लंबे समय से क्रिस्टल पैलेस की रीढ़ रहे हैं। इसी ट्रांसफर को लेकर कोच ओलिवर ग्लासनर बुरी तरह नाराज हो गए। उन्होंने खुले तौर पर क्लब प्रबंधन पर सवाल उठाए और कहा कि मैच से ठीक एक दिन पहले कप्तान को बेचने का फैसला समझ से परे है। कोच का मानना है कि कम से कम उस मुकाबले तक गुएही को टीम के साथ रहना चाहिए था।

ग्लासनर के बयान से नाराज चेयरमैन
ओलिवर ग्लासनर का यह बयान अब उनके लिए भारी पड़ सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक क्लब चेयरमैन स्टीव पैरिश इस सार्वजनिक नाराजगी से खुश नहीं हैं। माना जा रहा है कि क्लब अब सख्त कदम उठा सकता है। ग्लासनर का मौजूदा करार इस सीजन के अंत में खत्म हो रहा है और वह पहले ही साफ कर चुके हैं कि वह इसे आगे नहीं बढ़ाएंगे। ऐसे में क्लब के सामने बड़ा सवाल है कि क्या उन्हें बाकी सीजन तक कोच बने रहने दिया जाए या फिर अभी से किसी नए चेहरे को जिम्मेदारी सौंप दी जाए।

क्या सीजन पूरा कर पाएंगे ग्लासनर
चार महीने का वक्त बाकी है और क्रिस्टल पैलेस के सामने फैसला करना आसान नहीं होगा। सीजन की शुरुआत में टीम ने एस्टन विला और लिवरपूल जैसी मजबूत टीमों को हराकर उम्मीदें जगाई थीं। लेकिन अब वही टीम लय खो चुकी है। इसी बीच ग्लासनर का नाम मैनचेस्टर यूनाइटेड से भी जोड़ा जा रहा है। ऐसे हालात में पैलेस प्रबंधन के सामने दो ही रास्ते हैं या तो मौजूदा कोच के साथ सीजन पूरा किया जाए या फिर तुरंत बदलाव कर टीम को नई दिशा दी जाए। आने वाले दिनों में यह तय हो जाएगा कि यह विवाद सिर्फ बयान तक सीमित रहेगा या कोच की विदाई का कारण बनेगा।

W88 Sports News