SAFC

मेसी का भारत दौरा बना ऐतिहासिक, सचिन-छेत्री से मुलाकात ने बढ़ाया रोमांच, क्या बड़ी घोषणा करने वाले हैं फुटबॉल के बादशाह?

लियोनल मेसी के भारत दौरे ने खेल प्रेमियों में उत्साह भर दिया। कोलकाता, हैदराबाद और मुंबई में भव्य स्वागत हुआ। सचिन तेंदुलकर और सुनील छेत्री से मुलाकात ने रोमांच बढ़ाया, जबकि पीएम मोदी से संभावित भेंट ने अटकलें तेज कर दीं।

अर्जेंटीना और इंटर मियामी के सुपरस्टार लियोनल मेसी इस समय भारत दौरे पर हैं और उनके आगमन ने पूरे देश में जबरदस्त उत्साह भर दिया है. 13 दिसंबर की सुबह मेसी कोलकाता पहुंचे, जहां फैंस ने उनका भव्य स्वागत किया. इसके बाद वे हैदराबाद गए और वहां कार्यक्रम में हिस्सा लिया. अब 14 दिसंबर को मेसी मुंबई पहुंचे, जहां उनका शेड्यूल बेहद व्यस्त रहा. पहले वे ताज होटल पहुंचे, फिर ब्रेबोर्न स्टेडियम और उसके बाद मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम का रुख किया. हर जगह मेसी के लिए फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी, जिसने इस दौरे को यादगार बना दिया

सचिन-मेसी की मुलाकात से मीडिया में हलचल
वानखेड़े स्टेडियम पहुंचकर मेसी की मुलाकात भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री से हुई, जिसे फैंस ने भावुक पल बताया. इसके तुरंत बाद क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर भी मेसी से मिलने पहुंचे. इस मुलाकात ने पल भर में सोशल मीडिया पर धूम मचा दी. सचिन ने मेसी को अपनी टीम इंडिया की साइन की हुई जर्सी भेंट की, जिसने फैंस का दिल जीत लिया. दिलचस्प बात यह है कि दोनों अपने-अपने खेल में नंबर 10 की जर्सी पहनते आए हैं और दोनों को ही विश्व स्तर पर महान खिलाड़ियों में गिना जाता है. एक ही फ्रेम में इन दो दिग्गजों को देखना फैंस के लिए किसी सपने से कम नहीं था.

दिल्ली में PM मोदी से होगी मुलाकात
मेसी का दौरा अभी यहीं खत्म नहीं होता. 15 दिसंबर को वे भारत की राजधानी दिल्ली पहुंचेंगे, जहां उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होने वाली है. इससे पहले PM मोदी कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से मिल चुके हैं, लेकिन मेसी का आगमन भारत की खेल डिप्लोमेसी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है. यहां मेसी अरुण जेटली स्टेडियम में फैंस से भी मिलने वाले हैं, जहां उनके सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.

क्या 2026 वर्ल्ड कप के बाद मेसी कह देंगे अलविदा?
मेसी का यह दौरा इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि चर्चा है कि 2026 फीफा वर्ल्ड कप के बाद वे फुटबॉल को अलविदा कह सकते हैं. उनके करियर पर नजर डालें तो वह खेल इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में गिने जाते हैं. क्लब फुटबॉल में उन्होंने कई रिकॉर्ड ध्वस्त किए हैं. वहीं अर्जेंटीना को वर्ल्ड कप जिताने के बाद उन्होंने दुनिया भर में करोड़ों फैंस का दिल जीता. मेसी 8 बार बैलन डी’ओर जीत चुके हैं, जो फुटबॉल इतिहास में किसी भी खिलाड़ी से सबसे ज्यादा है.

W88 Sports News