
नेपाल में सोशल मीडिया बैन से मचा बवाल – संसद पर हमला, फुटबॉल मैच तक ठप!
नेपाल सरकार द्वारा फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब समेत 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बैन लगाए जाने से देशभर में उग्र विरोध भड़क गया। संसद पर हमला, 20 से ज्यादा मौतें और फुटबॉल मैच स्थगित होने से हालात और गंभीर हो गए।
नेपाल सरकार के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अचानक बैन लगाने के फैसले ने देश में भूचाल ला दिया है. प्रधानमंत्री केपी ओली ने फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और यूट्यूब समेत 26 बड़े ऐप्स पर पाबंदी लगाने का ऐलान किया. पहले से ही सरकार के खिलाफ नाराज चल रहे युवाओं में इस फैसले के बाद आक्रोश और भड़क गया.
सड़कों पर उतरे हजारों युवा
सोमवार 8 सितंबर को यह नाराजगी सड़कों पर फूट पड़ी. राजधानी काठमांडू समेत कई शहरों में हजारों युवा विरोध-प्रदर्शन के लिए उतर आए. देखते ही देखते ये प्रदर्शन उग्र हो गया और आंदोलनकारियों ने संसद भवन तक पर धावा बोल दिया. हालात संभालने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, जिसमें 20 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए.
फुटबॉल मैच पर भी असर
इस बवाल का असर खेल जगत पर भी पड़ा. नेपाल और बांग्लादेश के बीच मंगलवार 9 सितंबर को खेले जाने वाला दोस्ताना फुटबॉल मैच स्थगित कर दिया गया. बांग्लादेशी टीम दो फ्रेंडली मैचों के लिए नेपाल आई हुई थी. पहला मैच 6 सितंबर को 0-0 से ड्रॉ रहा था, जिसके बाद फैंस को दूसरे मुकाबले का बेसब्री से इंतजार था. लेकिन देश में बिगड़े हालात के कारण आयोजकों को मैच टालना पड़ा.
होटल में फंसी रही बांग्लादेशी टीम
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार दोपहर 3 बजे बांग्लादेशी टीम को प्रैक्टिस के लिए निकलना था, लेकिन जैसे ही कप्तान नीचे आए, उन्हें काठमांडू में फैले बवाल के बारे में बताया गया. टीम सुरक्षा कारणों से होटल से बाहर नहीं निकली और वहीं फंसी रही. अब यह मैच दोबारा कब खेला जाएगा, इस पर फिलहाल कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है.
नेपाल के हालात पर टिकी निगाहें
नेपाल में सोशल मीडिया बैन के बाद बढ़े इस संकट पर पूरी दुनिया की नजर है. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह फैसला उनकी अभिव्यक्ति की आज़ादी पर हमला है. सरकार फिलहाल हालात काबू में करने की कोशिश कर रही है, लेकिन सोशल मीडिया की बहाली और प्रदर्शनकारियों की मांगों को लेकर स्थिति अब भी तनावपूर्ण बनी हुई है.
W88 Sports News




