
भारतीय फुटबॉल के हालात मौजूदा समय में काफी पिछले हुए चल रहे हैं। एक तरफ भारतीय क्रिकेट टीम को विश्व की सबसे धाकड़ टीमों में गिना जाता है। तो दूसरी ओर भारतीय फुटबॉल टीम रैकिंग के मामले में काफी फिसड्डी साबित हो रही है। हाल ही में टीम 133वें स्थान पर पहुंच गई। तो अब भारतीय फुटबॉल को लेकर पूर्व कप्तान और शीर्ष स्ट्राइकर सुनील छेत्री ने चिंता जाहिर की है।
सुनील छेत्री ने ISL देख जताई चिंता
भारत के पूर्व कप्तान और शीर्ष स्ट्राइकर सुनील छेत्री ने बुधवार को भारतीय फुटबॉल में अनिश्चितता की मौजूदा स्थिति को लेकर काफी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि फुटबॉल टूर्नामेंट इंडियन सुपर लीग को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किये जाने से खेल जगत चिंतित, आहत और डरा हुआ है। लीग में बेंगलुरु एफसी की ओर से खेलने वाले छेत्री ने कहा कि उन्हें देश में इस खेल के भविष्य को लेकर आशंकाएं व्यक्त करने वाले फोन कॉल और संदेशों की बाढ़ आ गई है।
40 साल के सुनील छेत्री ने एक्स पर लिखा कि ‘मुझे सबसे पहले ये चिंता हुई कि मेरे पास खेल का जो समय बचा है उसको मैं कैसे बिताऊंगा। लेकिन विभिन्न क्लबों के खिलाड़ियों से बात करने के बाद मुझे एहसास हुआ कि मेरी समस्या उतनी महत्वपूर्ण नहीं है। भारतीय फुटबॉल की वर्तमान स्थिति बहुत चिंताजनक है। मुझे न केवल मेरे क्लब से, बल्कि अन्य क्लबों से भी खिलाड़ियों, स्टाफ सदस्यों, फिजियो, मालिश करने वालों से ढेर सारे संदेश मिले हैं।’
आगे उन्होंने लिखा कि ‘भारतीय फुटबॉल पारिस्थितिकी तंत्र में अभी जो अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है उससे हर कोई चिंतित, आहत और डरा हुआ है।’ बता दें, इंडियन सुपर लीग आयोजकों और अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के बीच मास्टर राइट्स एग्रीमेंट के नवीनीकरण को लेकर अनिश्चितता के कारण 2025-26 के सत्र को स्थगित कर दिया है। जिसको लेकर खिलाड़ी ने चिंता जाहिर की है।
क्यों हुई इंडियन सुपर लीग स्थगित
इंडियन सुपर लीग सितम्बर से अप्रैल के बीच होती है। टूर्नामेंट में आयोजक फुटबॉल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट लिमिटेड और एआईएफएफ के बीच करार दिसम्बर, 2025 को समाप्त होने वाला है। उस समय तक आईएसएल अपने तीसरे महीने में प्रवेश कर चुका होगा। ये निर्णय उच्चतम न्यायालय द्वारा एआईएफएफ को दिए गए निर्देश के बाद लिया गया है, जिसमें एआईएफएफ से कहा गया था कि वो आईएसएल का संचालन करने वाली सर्वोच्च शासी संस्था के वाणिज्यिक साझेदार एफएसडीएल के साथ एमआरए की नई शर्तों पर तब तक बातचीत न करे, जब तक एआईएफएफ मसौदा संविधान मामले में अंतिम निर्णय नहीं आ जाता।
सुनील छेत्री बोले फुटबॉल से जुड़े लोगों से की ये अपील
स्टार फुटबॉलर सुनील छेत्री ने कहा कि’मैं स्वीकार करता हूं कि इससे मेरे चेहरे पर मुस्कुराहट आ गई। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि मैं छुट्टियों पर था, उतना घूम नहीं पाया जितना मैं चाहता था और उतना पौष्टिक भोजन भी नहीं कर पाया जितना मैं करता हूं। अब मेरे पास पूरी तरह फिट होने के लिए पहले से अधिक समय था। लेकिन वो पखवाड़ा अब अनिश्चितकाल में बदल गया है और मेरी वह मुस्कान अब गायब हो गई है। मैं जानता हूं कि थिंक टैंक और इस खेल को संचालित करने वाले लोग नए फुटबॉल सत्र को शुरू करने के लिए काम कर रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि जल्द ही कोई ठोस समाधान निकल आएगा।’
उन्होंने अपील करते हुए कहा कि ‘मेरे पास सभी सवालों के जवाब नहीं हो सकते लेकिन भारतीय फुटबॉल से जुड़े सभी लोगों से मेरी अपील है कि वह धैर्य बनाए रखें। हम इस तूफान का मिलकर सामना करेंगे। हमें फुटबॉल को जल्द से फिर से शुरू करना होगा और ऐसा होगा।’




