SAFC

भारतीय फुटबॉल टीम का 8 साल में हुआ सबसे बुरा हाल, पाकिस्तान की भी हुई दुर्दशा

देश में क्रिकेट का खुमार हर घर में देखने को मिलता है। कहते हैं कि भारत में क्रिकेट का जूनून सांतवें आसमान पर होता है। हालांकि, पिछले कुछ सालों में अन्य खेलों में भी देशवासियों ने खूब उत्साह दिखाया है। लेकिन अब भारतीय फुटबॉल टीम को लेकर जो रिपोर्ट्स सामने आई है, वो हैरान करने वाली है। इंडियन फुटबॉल टीम पिछले 8 सालों में सबसे खराब स्तर पर पहुंच गई है।

भारत की फुटबॉल रैकिंग ने किया हैरान

देश में सबसे ज्यादा फैंस क्रिकेट के देखने को मिलेंगे। हालांकि, अब फुटबॉल फैंस भी अब टीम का खूब सपोर्ट करते हैं। लेकिन फुटबॉल रैंकिंग में टीम इंडिया को बड़ा नुकसान हुआ है। फीफा ने गुरुवार को ताजा रैंकिंग जारी की, जिसमें भारत 133वें पायदान पर खिसक गया है। ये रैकिंग पिछले 8 सालों में सबसे खराब रैंकिंग पर है। इससे पहले भारतीय टीम 2017 में 130वें पायदान पर थी।

फुटबॉल टीम ने नहीं जीता एक भी इंटरनेशनल मैच

भारतीय फुटबॉल टीम की इस फजीहत का कारण उनका इंटरनेशनल मैच न जीतनाहै। जानकारी के मुताबिक, भारत ने साल 2025 में एक भी इंटरनेशनल मैच नहीं जीता है। भारतीय फुटबॉल टीम पहले 127वें स्थान पर थी, लेकिन अब उसे 2025 में खराब प्रदर्शन का खामिजाया भुगतना पड़ा है। टीम इंडिया 7 स्थान नीचे फिसल कर 133वें स्थान पर चली गई है।

बता दें कि भारत ने साल 2025 में अब तक कुल 4 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें से उसे तीन बार हार मिली और एक मुकाबला ड्रॉ रहा था। ये भी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बात रही कि ये चारों मैच भारत ने खुद से निचली रैंकिंग वाली टीमों के साथ खेले हैं। फुटबॉल टीम पर सबसे ज्यादा सवाल तब उठे जब टीम इंडिया का बांग्लादेश के साथ मैच ड्रॉ रहा था, उस मुकाबले में भारत एक भी गोल नहीं दाग पाया था।

साल 1996 में फुटबॉल टीम ने हासिल की थी बेस्ट रैकिंग

भारतीय टीम ने अपनी बेस्ट रैंकिंग साल 1996 में हासिल की थी, जब वो 94वें स्थान पर पहुंची थी। लेकिन अब भारतीय टीम 133वें स्थान पर है। वहीं, पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की हालत और भी खराब है। पाकिस्तान टीम 201वें स्थान पर है। जबकि बांग्लादेश टीम 184वें पायदान पर है।