
एशिया की दिग्गजों से भिड़ेगी भारतीय महिला फुटबॉल टीम, जापान संग वियतनाम-चीनी ताइपे भी ग्रुप में
AFC महिला एशियन कप 2026 में भारत को जापान, वियतनाम और चीनी ताइपे जैसे मजबूत प्रतिद्वंदियों के साथ ग्रुप C में रखा गया है। कोच क्रिस्पिन छेत्री ने कड़ी तैयारी और टीम एकता से विश्व कप क्वालीफाई की उम्मीद जताई।
भारत को अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले एएफसी महिला एशियाई कप फुटबॉल 2026 में ग्रुप C में जगह मिली है, जहां उसका मुकाबला एशिया की ताक़तवर टीम जापान, पूर्व चैंपियन चीनी ताइपे और वियतनाम से होगा. यह टूर्नामेंट 1 से 21 मार्च 2026 तक खेला जाएगा. मंगलवार को सिडनी टाउन हॉल में हुए ड्रॉ में भारतीय मिडफील्डर संगीता बासफोर भी ड्रॉ असिस्टेंट के तौर पर शामिल थीं.
मैच शेड्यूल और प्रारूप
भारत अपना अभियान 4 मार्च को पर्थ रेक्टेंगुलर स्टेडियम में वियतनाम के खिलाफ शुरू करेगा. 7 मार्च को इसी मैदान पर उसका सामना जापान से होगा, जबकि 10 मार्च को वेस्टर्न सिडनी स्टेडियम में चीनी ताइपे से भिड़ंत होगी. 12 टीमों के इस टूर्नामेंट में हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें और तीसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ दो टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी.
विश्व कप की राह भी यहीं से
सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चारों टीमों को ब्राज़ील में होने वाले 2027 महिला विश्व कप के लिए सीधा टिकट मिलेगा. वहीं, क्वार्टर फाइनल में हारने वाली टीमें प्लेऑफ़ में उतरेंगी, जहां दो और विश्व कप स्थान के लिए जंग होगी.
ग्रुप में सबसे निचली रैंकिंग, लेकिन उम्मीदें बरकरार
जापान की विश्व रैंकिंग 7 है और वह 2011 का महिला विश्व कप विजेता है. वियतनाम 37वें और चीनी ताइपे 42वें स्थान पर हैं, जबकि भारत 70वें स्थान के साथ ग्रुप में सबसे नीचे है. इसके बावजूद टीम आत्मविश्वास से भरी है और उलटफेर करने के इरादे से मैदान में उतरेगी.
कोच की रणनीति और तैयारी का रोडमैप
मुख्य कोच क्रिस्पिन छेत्री ने कहा, “हमारा ग्रुप दिलचस्प लेकिन चुनौतीपूर्ण है. जापान एशिया की सर्वश्रेष्ठ टीम है, जबकि वियतनाम और चीनी ताइपे से हम कड़ी टक्कर की उम्मीद रखते हैं. अब हमें अपने मैत्री मैच सोच-समझकर चुनने होंगे और तैयारी को नए स्तर पर ले जाना होगा. एकजुट रहकर और कठोर अभ्यास से हम विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर सकते हैं.”




