SAFC

Sunderland ने जमाया दबदबा, एक गलती ने लिखा डर्बी का नया रिकॉर्ड, न्यूकैसल हुए चारों खाने चित, पढ़ें

न्यूकैसल अब 22 अंकों के साथ 12वें स्थान पर फिसल गए. उनकी सबसे महंगी साइनिंग वोल्टेमाडे ही हार की वजह बने

लगभग दस साल बाद जब सुंदरलैंड और न्यूकैसल फिर आमने-सामने उतरे, तो पूरे इंग्लैंड में उत्साह का माहौल बन गया. फैंस जानते थे कि यह मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि नॉर्थ-ईस्ट की सबसे पुरानी और तीखी लड़ाई की वापसी है. प्रीमियर लीग में सुंदरलैंड की वापसी के बाद से ही लोग इस डर्बी का इंतजार कर रहे थे, और मैच शुरू होते ही माहौल रोमांच से भर गया. पहला हाफ भले ही बिना गोल के खत्म हुआ, लेकिन तेज़ टैकल, तेज रफ्तार पासिंग और लगातार बनते मौके इस भिड़ंत को और ज्यादा रोमांचक बना रहे थे. इसी दौरान न्यूकैसल के डैन बर्न को छाती में चोट लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा, और यह घटना उनकी टीम के लिए बड़ा झटका बन गई

वोल्टेमाडे की गलत मैच का टर्निंग पॉइंट
दूसरे हाफ की शुरुआत में ही वो पल आया जिसने पूरे मैच की तस्वीर बदल दी. केवल एक मिनट बाद न्यूकैसल के निक वोल्टेमाडे ने डी-बॉक्स में आई गेंद को हेडर से क्लियर करने की कोशिश की, लेकिन गेंद गलत दिशा में मुड़कर उनके ही नेट में चली गई. यह वेयर-टाइन डर्बी इतिहास का केवल दूसरा ओन-गोल था, और इसी ने सुंदरलैंड को बढ़त दिला दी. इस दुर्भाग्यपूर्ण गलती के बाद वोल्टेमाडे स्तब्ध दिखे, जबकि पूरा स्टेडियम इस गोल का जश्न मनाते हुए गूंज उठा. यही वह गोल था जिसने डर्बी का रुख पूरी तरह सुंदरलैंड की ओर मोड़ दिया.

सुंदरलैंड ने जमाया दबदबा
गोल मिलने के बाद सुंदरलैंड का आत्मविश्वास बढ़ता गया, जबकि न्यूकैसल का आक्रामक खेल लगातार कमजोर पड़ता गया. उन्होंने पूरे मैच में सुंदरलैंड के बॉक्स में ज़्यादा खतरा पैदा नहीं किया. दूसरी ओर, सुंदरलैंड ने संयम और सटीक पासिंग से खेल को नियंत्रित रखा. घरेलू मैदान पर वे इस सीजन में अपराजित हैं, और इस मैच ने उनकी मजबूती को और साबित कर दिया. यह जीत न सिर्फ तीन अंक दिलाने वाली थी, बल्कि लीग टेबल में भी बड़ा बदलाव लेकर आई सुंदरलैंड 26 अंकों के साथ सातवें स्थान पर पहुंच गया और लिवरपूल की बराबरी में आ खड़ा हुआ.

न्यूकैसल की मुश्किलें बढ़ीं
इस 1-0 की जीत ने सुंदरलैंड को न सिर्फ डर्बी की शान दिलाई, बल्कि दोनों टीमों के बीच अंक अंतर भी बढ़ा दिया. न्यूकैसल अब 22 अंकों के साथ 12वें स्थान पर फिसल गए हैं. उनकी सबसे महंगी साइनिंग वोल्टेमाडे ही हार की वजह बन गए, जो टीम और फैंस दोनों के लिए बड़ा झटका है. मैच खत्म होते ही सुंदरलैंड के समर्थकों में जश्न का माहौल था, जबकि न्यूकैसल कैंप मायूसी से घिरा रहा. दस साल बाद खेले गए इस डर्बी में सुंदरलैंड ने जिस मजबूती के साथ जीत दर्ज की, उसने संकेत दे दिया है कि वे इस सीजन में किसी भी टीम को कड़ी टक्कर दे सकते हैं.