
472 रनों का तूफान… 18 गेंद में पचासा, क्या IPL ऑक्शन से पहले सरफराज ने बदल दी अपनी किस्मत?
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई-हरियाणा मैच में 472 रन बने। यशस्वी जायसवाल के शतक और सरफराज खान के 18 गेंद में अर्धशतक से मुंबई ने 234 रन का लक्ष्य 15 गेंद शेष रहते हासिल किया। आईपीएल ऑक्शन संदेश दिया
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रविवार का दिन क्रिकेट फैंस के लिए पूरी तरह यादगार बन गया। पुणे के डी वाई पाटिल अकादमी स्टेडियम में मुंबई और हरियाणा के बीच ऐसा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें गेंदबाज सिर्फ नाम के लिए नजर आए। दोनों टीमों ने मिलकर 472 रन ठोक दिए और चौके-छक्कों की ऐसी बारिश हुई कि स्कोरबोर्ड पल-पल बदलता रहा। इस हाई-स्कोरिंग मैच में कुल 74 चौके और छक्के लगे। खास बात यह रही कि यह मुकाबला IPL 2026 ऑक्शन से ठीक पहले खेला गया, जहां कई खिलाड़ियों ने अपने बल्ले से बड़ा संदेश दे दिया।
हरियाणा की तेज शुरुआत, 234 का बड़ा स्कोर
मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन हरियाणा के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपना लिया। कप्तान अंकित कुमार ने ओपनिंग करते हुए 42 गेंदों पर 89 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी बैटिंग ने मुंबई के गेंदबाजों को दबाव में डाल दिया। इसके बाद निशांत सिंधु ने भी हाथ खोले और 38 गेंदों पर 63 रन जड़ दिए। हरियाणा के बल्लेबाजों ने एक के बाद एक बड़े शॉट लगाए और निर्धारित ओवरों में 234 रन बना डाले। इस स्कोर के बाद लगने लगा कि मुंबई के लिए यह लक्ष्य आसान नहीं होगा।
यशस्वी का शतक, सरफराज का कहर
235 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई को यशस्वी जायसवाल और सरफराज खान ने शानदार शुरुआत दिलाई। यशस्वी ने टी20 क्रिकेट में भी अपना क्लास दिखाया और 50 गेंदों पर 101 रन की दिल जीतने वाली पारी खेली। लेकिन असली तूफान लेकर आए सरफराज खान। नंबर तीन पर उतरते ही उन्होंने गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 37 गेंदों में 88 रन की तेज साझेदारी हुई। सरफराज ने सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 25 गेंदों पर 64 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 256 का रहा, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल थे।
IPL ऑक्शन से पहले बड़ा संदेश
इस मुकाबले में मुंबई ने 15 गेंद पहले ही लक्ष्य हासिल कर 4 विकेट से जीत दर्ज की। शानदार शतक के लिए यशस्वी जायसवाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, लेकिन चर्चा का केंद्र सरफराज खान ही रहे। यह वही सरफराज हैं, जिन्हें IPL 2025 ऑक्शन में किसी ने नहीं खरीदा था। घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद अब उन्होंने IPL 2026 ऑक्शन से पहले अपने बल्ले से जोरदार दावा ठोक दिया है। अगर यही फॉर्म जारी रही, तो इस बार फ्रेंचाइजी करोड़ों की बोली लगाने से पीछे नहीं हटेंगी।
W88 Sports News




