
स्पेन के दिग्गज ने जताई भारतीय फुटबॉल टीम के कोच बनने की इच्छा, लेकिन बोर्ड ने कहा नहीं है खर्च करने की क्षमता
भारतीय फुटबॉल इस समय अपने बुरे दौरे से गुजर रही है। हाल ही में टीम विश्व में 133वें स्थान पर पहुंच गई। जिसके बाद अब स्पेन के दिग्गज ने भारतीय फुटबॉल टीम के कोच पद के लिए आवेदन किया है। क्या है पूरी बात, जानिए…
स्पेन के दिग्गज ने फुटबॉल कोच बनने के लिए किया आवेदन
स्पेन के विश्व कप विजेता मिडफील्डर जावी हर्नांडेज उन लोगों में शामिल हैं। जिन्होंने भारतीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच पद के लिए आवेदन किया है। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ ने इस बात की पुष्टि की है। साथ ही ये भी कहा कि वो उनके आवेदन पर विचार नहीं कर पा रहा है, क्योंकि वो इस स्टार फुटबॉलर पर खर्च के लिए सक्षम नहीं है।
बता दें, जावी स्पेन की उसे टीम के सदस्य थे जिसने 2010 में विश्व कप जीता था। उनकी मौजूदगी में स्पेन की टीम 2008 और 2012 में यूरोपीय चैंपियन बनी थी। इसके अलावा इस 45 साल खिलाड़ी ने बार्सिलोना के साथ पांच ला लीगा खिताब, तीन कोपा डेल रे ट्रॉफी और तीन यूईएफए चैंपियंस लीग ट्रॉफी जीती हैं।
जावी हर्नांडेज ने अपने अकाउंट से ईमेल भेज कर इस पद के लिए आवेदन किया था। एआईएफएफ की रिपोर्ट में बताया गया कि ‘हां, उन्होंने भारतीय सीनियर पुरुष फुटबॉल टीम के मुख्य कोच पद के लिए आवेदन किया है। उन्होंने खुद तकनीकी समिति के लोगों को अपना आवेदन भेजा है और ऐसा लगता है कि वह इस पद के लिए काफी इच्छुक हैं।’
आगे रिपोर्ट में लिखा है कि’हालांकि, जिन लोगों को महासंघ की अंतिम मंजूरी के लिए कार्यकारी समिति के पास कोच पद के उम्मीदवारों की सूची भेजने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे जानते हैं कि उन्हें इस पद पर नियुक्त करना आसान नहीं है।’ उन्होंने कहा, ‘आप जानते हैं कि जावी अब तक के सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर्स में से एक हैं। लोग हमेशा (लियोनेल) मेसी के बारे में बात करते हैं, लेकिन जहां तक बार्सिलोना का सवाल है, वह (आंद्रेस) इनिएस्ता के साथ सबसे ऊपर हैं।’
हाल ही फुटबॉल टीम पहुंची थी 133वें स्थान पर
हाल ही में भारतीय फुटबॉल जगत के लिए निराशाजनक खबर आई है। टीम 133वें स्थान पर लुढ़क गई। टीम की फीफा रैंकिंग गिरकर 133 पर आ गई है, जो पिछले नौ साल में उसकी सबसे निचली रैंकिंग है। एआईएफएफ ने चार जुलाई को मुख्य कोच पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई थी। कुल 170 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें लिवरपूल के पूर्व स्टार रॉबी फाउलर और हैरी केवेल जैसे बड़े नाम शामिल थे।




