
एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल कप की होने वाली है शुरुआत, 6 गुटों में बटकर 23 जुलाई से आपस में भिड़ेंगी टीमें
एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट इंडियन ऑयल डूरंड कप का आयोजन होने वाला है। स्टील सिटी के नाम से पहचान बटोरने वाले जमशेदपुर में 134वें इंडियन ऑयल डूरंड कप का आयोजन होने वाला है। खेल के आयोजन से पहले ही डूरंड कप की तीनों ट्रॉफियों को सभी के सामने रखा गया। इस टूर्नामेंट की शुरुआत 23 जुलाई से होगी। इस रोमांचक टूर्नामेंट का फाइनल 23 अगस्त को खेला जाएगा।
एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट को 23 जुलाई से होगा आगाज
जैसा कि हम जानते हैं कि देश में क्रिकेट के साथ ही फुटबॉल का भी खूब क्रेज है, तो अब एशिया के सबसे पुराने टूर्नामेंट में डूंरड कप का आयोजन होने वाला है। 134वें इंडियन ऑयल डूरंड कप के लिए शहर तैयार है। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले डूरंड कप की तीनों ट्रॉफियों को एक्सएलआरआई ऑडिटोरियम में दिखाया गया। इस मौके पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। साथ ही झारखंड सरकार के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विकास मंत्री रामदास सोरेन, लेफ्टिनेंट जनरल मोहित मल्होत्रा, एवीएसएम, एसएम, चीफ ऑफ स्टाफ, मुख्यालय ईस्टर्न कमांड तथा डुरंड कप आयोजन समिति के चेयरमैन और टाटा स्टील लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट कॉरपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदरारामम भी मौजूद थे।
टूर्नामेंट की शुरुआत 23 जुलाई को होगी, पहला मैच कोलकाता के प्रतिष्ठित विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में होगा, जहां पहले मुकाबले में इमामी ईस्ट बंगाल एफसी का सामना बेंगलुरु की साउथ यूनाइटेड एफसी (एसयूएफसी) से होगा। ये ग्रुप ए का मुकाबला होगा। इस मैच के साथ ही एक महीने तक चलने वाले इस रोमांचक टूर्नामेंट की शुरुआत होगी, जिसमें कुल 43 मुकाबले होंगे जिसका फाइनल 23 अगस्त को खेला जाएगा।
23 अगस्त को होगा फाइनल
ये टूर्नामेंट पूरे एक महीने के लिए चलेगा। टूर्नामेंट के ग्रुप और कार्यक्रम का ऐलान सोमवार को हुआ है। इवेंट में पार्टिसिपेट करने वाली टीमों के 6 ग्रुप होंगे, जिनमें प्रत्येक समूह में चार टीमें शामिल हैं। प्रत्येक ग्रुप में छह मुकाबले होंगे। छह समूह विजेता और दो सर्वश्रेष्ठ उपविजेता टीमें क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करेंगी, जो 16 और 17 अगस्त को खेले जाएंगे। सेमीफाइनल 19 और 20 अगस्त को होंगे और फाइनल 23 अगस्त को खेला जाएगा। नॉकआउट के लिए वेन्यू का ऐलान जल्द ही किया जा सकता है।
क्यों खास है डूरंड कप
जैसा कि हमने आपको बताया कि इस टूर्नामेंट में कुल 6 ग्रुप पार्टिसिपेट कर रहे हैं। तो ग्रुप ए और बी के मुकाबले से शुरुआत होगी और मैच कोलकाता में खेला जाएगा। वहीं, ग्रुप बी की शुरुआत 28 जुलाई को मोहम्मडन एससी और डायमंड हार्बर एफसी के मुकाबले से होगी, जो किशोर भारती क्रीड़ांगन में खेला जाएगा। फिर 31 जुलाई को इसी मैदान में आईएसएल चैंपियन मोहन बागान सुपर जायंट और मोहम्मडन एससी के बीच बहुप्रतीक्षित कोलकाता डर्बी खेली जाएगी। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स फुटबॉल टीम 1 अगस्त को डायमंड हार्बर के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी। ग्रुप सी की शुरुआत जमशेदपुर में 24 जुलाई को होगी, जहां जमशेदपुर एफसी, नेपाल की त्रिभुवन आर्मी एफटी के खिलाफ जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेलेगा।
इसी के साथ ही इंडियन आर्मी एफटी और 1 लद्दाख एफसी क्रमशः 29 जुलाई और 2 अगस्त को अपना पहला मुकाबला खेलेंगे। कोकराझार ग्रुप डी की मेज़बानी करेगा, जिसमें आईएसएल क्लब पंजाब एफसी, असम की करबी आंगलोंग मॉर्निंग स्टार एफसी, स्थानीय बोड़ोलैंड एफसी और इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस एफटी (आईटीबीपी एफटी) शामिल हैं। अंतिम ग्रुप-स्टेज का मैच 12 अगस्त को कोकराझार में बोड़ोलैंड एफसी और आईटीबीपी एफटी के बीच में होगा।




