कबड्डी

देसवाल का तूफ़ान या फजल का फिनिश? चेन्नई में दो मुकाबले, दो कहानियां—एक में तबाही, दूसरे में टाईब्रेकर का धमाका!

चेन्नई में प्रो कबड्डी लीग के दो रोमांचक मैच हुए। तमिल थलाइवाज ने पटना पाइरेट्स को 56-37 से हराया, जबकि दिल्ली और हरियाणा के बीच मुकाबला टाईब्रेकर तक गया, जिसमें दिल्ली ने 9-3 से जीत दर्ज की।

प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन में चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम ने ऐसा नज़ारा देखा, जिसे फैन्स देर तक नहीं भूलेंगे. मेजबान तमिल थलाइवाज ने तीन बार के चैंपियन पटना पाइरेट्स को 56-37 के भारी अंतर से रौंद दिया. शुरुआत में पटना का पलड़ा भारी था—पहले 10 मिनट में 13-10 की लीड और युवा रेडर अयान के 9 अंकों ने थलाइवाज को एक बार ऑलआउट कर दिया. लेकिन यहीं से कहानी बदली.

थलाइवाज के ‘रेड मशीन’ अर्जुन देसवाल ने अपना गियर बदला और लगातार अंक बटोरते हुए टीम को खेल में बनाए रखा. दो मल्टी-पॉइंट रेड्स ने मैच की दिशा ही बदल दी. जैसे-जैसे पटना की लय टूटी, चेन्नई की डिफेंस ने पकड़ मजबूत कर ली.

देसवाल का तूफ़ान और थलाइवाज की डिफेंस की दीवार
हाफटाइम तक थलाइवाज 30-19 से आगे थे. दूसरे हाफ की शुरुआत में पटना ने थोड़ी वापसी की कोशिश की, लेकिन थलाइवाज ने उन्हें ज़्यादा देर टिकने नहीं दिया. नरेंदर कंडोला के डू-ऑर-डाई रेड और देसवाल के सुपर-10 ने थलाइवाज को 12 अंकों की लीड दे दी. अयान ने पटना के लिए सुपर-10 पूरा किया, मगर थलाइवाज की डिफेंस ने उन्हें तुरंत धर दबोचा. तीसरी बार ऑलआउट कर चेन्नई ने जीत का अंतर 19 अंकों तक पहुंचा दिया. आखिर में स्कोर बोर्ड चमका—तमिल थलाइवाज 56, पटना पाइरेट्स 37.

सांसें थाम देने वाला टाईब्रेकर, फजल बने हीरो
दिन के दूसरे मैच में दिल्ली बनाम हरियाणा के बीच मुकाबला आखिरी सेकेंड तक रोमांच से भरा रहा. निर्धारित समय में स्कोर 33-33 पर बराबरी पर थम गया, और नतीजा गया टाईब्रेकर तक. यहां दिल्ली ने अपना अनुभव दिखाया और 9-3 से जीत दर्ज की.
सुरजीत सिंह ने दो शानदार टैकल कर दिल्ली को शुरुआती बढ़त दिलाई. वहीं अपने 200वें मैच में खेल रहे फजल अत्राचली ने एक शानदार सुपर रेड लगाकर जीत पर मुहर लगा दी. इस जीत के साथ दिल्ली 22 अंकों के साथ अंक तालिका में टॉप पर पहुंच गई, जबकि हरियाणा को लगातार चौथी हार झेलनी पड़ी.

W88 Sports News