
कौन हैं रेड मशीन के नाम से पहचाने जाने वाले अर्जुन देशवाल? जिता सकते हैं अपनी टीम को ट्रॉफी
प्रो कबड्डी लीग का 12वां सीजन शुरू होने वाला है। इससे पहले सभी फ्रैंचाइजी सीजन की तैयारियों में लगी है। बीती 31 मई और 1 जून को प्रो कबड्डी लीग का ऑक्शन हुआ था। यूपी के अर्जुन देशवाल को तमिल थलाइवाज ने 1.405 करोड़ में खरीदा था। अर्जुन यूपी पुलिस में डीएसपी होने के साथ एक पेशेवर कबड्डी खिलाड़ी भी हैं। वो पहले जयपुर पिंक पैथर्स और यू मुंबा की ओर से खेल चुके हैं। इस बार के सीजन के लिए तमिल थलाइवाज ने उन पर दांव लगाकर बड़ा खेला किया है।
कौन हैं रेड मशीन अर्जुन देशवाल
रेड मशीन के नाम से मशहूर अर्जुन देशवाल मैच को पलटने में माहिर हैं। खिलाड़ी जयपुर पिंक पैंथर्स में खेलते थे, तो अभिषेक बच्चन भी उनका लोहा मानते थे। अर्जुन देशवाल यूपी के मुजफ्फरनगर से आते हैं। उन्होंने साल 2022 के एशियाई खेलों में देश की राष्ट्रीय टीम का नेतृत्व किया था। वो 2023 में एशियाई कबड्डी चैंपियनशिप में गोल्ड जीत चुके हैं। अर्जुन देशवाल गेम में अपनी बेहतरीन रेडिंग और सटीक खेल के लिए मशहूर हैं। उन्हें रेड मशीन के नाम से जाना जाता है। प्रो कबड्डी लीग सीजन-9 में अर्जुन सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी थे।
अर्जुन देशवाल के नाम हैं ये रिकॉर्ड
महज 25 साल के अर्जुन देशवाल सीजन 9 में जयपुर पिंक पैंथर्स को अपना दूसरा खिताब जिताने में बड़ी मदद की थी।
- पिछले सीजन में भी अर्जुन ने अच्छा प्रदर्शन किया और 227 रेड प्वाइंट हासिल किए।
- प्रो कबड्डी लीग में अर्जुन ने अब तक 114 मैच खेले हैं और 1,174 रेड प्वाइंट बनाए हैं।
- साल 2024 के प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन में उन्होंने 9.86 रेड प्वांट प्रति मैच के औसत से 230 अंक हासिल किए।
- अर्जुन देशवाल ने प्रो कबड्डी लीग सीजन-11 में जयपुर पिंक पैंथर्स की तरफ से खेलते हुए यूपी योद्धा के खिलाफ 1000 रेड प्वाइंट हासिल किए थे।
- उसी सीजन में उन्होंने 1100 रेड प्वाइंट्स हासिल किए और इस मुकाम तक पहुंचने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए।
- अर्जुन ने प्रो कबड्डी लीग सीजन 9 में मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का खिताब जीता था।
- उन्होंने सीजन 10 में सबसे ज्यादा संयुक्त रेड पॉइंट का रिकॉर्ड भी बनाया था।




