कबड्डी

दिल्ली का दबदबा, जयपुर का जलवा – पीकेएल में दो दिग्गजों की धमाकेदार जीत, बेंगलुरू- पटना की फिर हार

प्रो कबड्डी लीग सीजन-12 में दबंग दिल्ली ने बेंगलुरू बुल्स को 41-34 से और जयपुर पिंक पैंथर्स ने पटना पाइरेट्स को 39-36 से हराया। आशू मलिक और नितिन धनखड़ ने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि बेंगलुरू- पटना को लगातार हार मिली।

प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) सीजन-12 के नौवें मुकाबले में दबंग दिल्ली केसी ने बेंगलुरू बुल्स को 41-34 से हराकर अपने अभियान का शानदार आगाज किया. विश्वनाध स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मैच की शुरुआत से ही दिल्ली ने आक्रामक रुख अपनाया. तीसरे मिनट में 2-1 की बढ़त लेने के बाद डिफेंडरों ने डू-ऑर-डाई रेड में आकाश शिंदे को आउट कर अपनी मंशा साफ कर दी.

आशू मलिक का सुपर-10, डिफेंस में दमदार खेल
दिल्ली के कप्तान आशू मलिक पूरे मैच में स्टार रहे. उन्होंने 15 अंक झटके और हाफटाइम से पहले ही सुपर-10 पूरा कर स्कोर 21-11 कर दिया. नीरज नरवाल ने 7 अंक जुटाए जबकि फजल अतराचली और सौरव नांदल ने डिफेंस में 3-3 अंक लेकर बुल्स की वापसी की राह रोकी. पांचवें मिनट में आशू के सुपर रेड ने बुल्स पर दबाव दोगुना कर दिया और दिल्ली ने पहला आलआउट करते हुए 10-3 की मजबूत बढ़त बना ली.

बुल्स की वापसी अधूरी रही
दूसरे हाफ में बेंगलुरू बुल्स ने वापसी की पूरी कोशिश की. 31वें मिनट में सुपर टैकल से दो अंक लेकर स्कोर 28-13 तक लाए और आखिर में दिल्ली को एक बार आलआउट भी किया. आकाश मलिक (8 अंक) और अलीरेजा मीरजाइन (10 अंक) ने टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन स्टार रेडर आकाश शिंदे का फीका प्रदर्शन (सिर्फ 3 अंक) टीम पर भारी पड़ा.

जयपुर पिंक पैंथर्स की रोमांचक जीत
दिन के दूसरे मुकाबले में जयपुर पिंक पैंथर्स ने पटना पाइरेट्स को 39-36 से हराकर सीजन की पहली जीत दर्ज की. नितिन धनखड़ (13 अंक) और अली समाधी (8 अंक) ने टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया. पटना के मनिंदर सिंह ने 15 अंक जुटाए और आखिरी मिनटों तक मैच को जीवंत बनाए रखा. सुधाकर एम (9 अंक) ने उनका अच्छा साथ दिया, लेकिन अयान लोहचब का सिर्फ 6 अंक बनाना टीम को महंगा पड़ा. अंत में तीन अंकों के अंतर से पटना को लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी.

W88 Sports News