कबड्डी

10 अंकों की हार से जीत तक: जयपुर और यू मुंबा ने किया रोमांच का ऐसा तमाशा कि फैंस रह गए दंग!

पाकबड्डी लीग में जयपुर पिंक पैंथर्स ने 10 अंकों की हार के बाद हरियाणा को 37-36 से हराया, जबकि यू मुंबा ने तमिल थलाइवाज को 42-24 से रौंदा। रोमांच और दमदार प्रदर्शन ने फैंस को मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 12वें सीजन का 57वां मुकाबला दर्शकों के लिए रोमांच का चरम लेकर आया. चेन्नई के एसडीएटी मल्टी परपज इनडोर स्टेडियम में जयपुर पिंक पैंथर्स ने हरियाणा स्टीलर्स को 37-36 से मात दी. हैरानी की बात यह रही कि जयपुर एक समय 10 अंकों से पीछे थी, लेकिन अंतिम पलों में गजब की वापसी ने उन्हें जीत दिलाई.

हरियाणा की धमाकेदार शुरुआत
मुकाबले की शुरुआत हरियाणा स्टीलर्स के नाम रही. विनय और शिवम पटारे ने शानदार रेडिंग करते हुए शुरुआती 10 मिनट में चार-चार अंक जुटाए. नतीजा यह रहा कि हरियाणा ने 10-4 की बढ़त बना ली. पहले हाफ के अंत तक स्कोर 20-13 रहा और स्टीलर्स ने सात अंकों की मजबूत लीड हासिल कर ली.

सुपर टैकल और ऑलआउट ने बदली तस्वीर
दूसरे हाफ में जयपुर ने अपनी रणनीति में बदलाव किया. 25वें मिनट तक हरियाणा 24-17 से आगे थी, लेकिन अली समादी और साहिल ने टीम को संभाला. जयपुर ने 32वें मिनट में हरियाणा को ऑलआउट कर स्कोर को 26-24 तक ला दिया. इसके बाद साहिल की सुपर रेड ने मुकाबले को बराबरी पर खड़ा कर दिया. आखिरी मिनट में जयपुर ने एक और ऑलआउट कर बढ़त बनाई और अंतिम रेड में हरियाणा के विनय टैकल हो गए. नतीजतन, जयपुर ने एक अंक से मैच छीन लिया.

साहिल-अली के हीरोइक परफॉर्मेंस
जयपुर की ओर से साहिल ने सात अंक झटके, जबकि ईरानी रेडर अली ने छह अंक जोड़े. दीपांशु और आर्यन ने भी चार-चार अंक लेकर अहम योगदान दिया. टीम का संतुलित खेल ही जीत की कुंजी बना.

यू मुंबा का तूफानी प्रदर्शन
दिन के दूसरे मुकाबले में यू मुंबा ने तमिल थलाइवाज को 42-24 से ध्वस्त कर दिया. लगातार तीन हार के बाद मिली यह जीत टीम के लिए आत्मविश्वास से भरी रही. पहले हाफ में ही मुंबा ने तीन सुपर टैकल और दमदार डिफेंस की बदौलत 16-11 की बढ़त बना ली.

संदीप का सुपर-10 और थलाइवाज का पतन
दूसरे हाफ में यू मुंबा का दबदबा और बढ़ा. स्टार रेडर संदीप कुमार ने लगातार तीसरा सुपर-10 (12 अंक) पूरा किया और दो सुपर रेड से तमिल को ऑलआउट कर दिया. 35वें मिनट में स्कोर 35-20 था और अंत तक यू मुंबा ने 42-24 की करारी जीत दर्ज की.

W88 Sports News