
ढाका में गूंजी भारतीय दहाड़. 13 साल बाद महिला कबड्डी विश्व कप में नए मंच पर बड़ा संघर्ष शुरू
ढाका में महिला कबड्डी विश्व कप 2025 की शुरुआत हो चुकी है। 13 साल बाद भारत और ईरान फिर खिताब की दौड़ में आमने-सामने हैं। 11 देशों की भागीदारी और नए मंच ने टूर्नामेंट का रोमांच और बढ़ा दिया है।
महिला कबड्डी विश्व कप 2025 की शुरुआत धाकाधार अंदाज में बांग्लादेश के ढाका से हो चुकी है. यह पहला मौका है जब टूर्नामेंट भारतीय धरती से बाहर आयोजित हो रहा है. 17 नवंबर को पहला मुकाबला खेला गया और 24 नवंबर को फाइनल होना तय है. कुल 11 देशों ने इस महायुद्ध में हिस्सा लिया है. मौजूदा चैंपियन भारत और उपविजेता ईरान फिर से खिताब की दौड़ में आमने सामने हैं.
मेजबानी का सफर भी रहा रोमांचक
इस टूर्नामेंट की मेजबानी में भी खूब उतार चढ़ाव देखने को मिले. शुरुआत में इसे जून में बिहार के राजगीर में कराने की योजना थी. फिर अगस्त में हैदराबाद को प्रस्तावित स्थल बनाया गया. आखिर में फैसला बदला और ढाका को मेजबानी सौंप दी गई. अब सभी मुकाबले मीरपुर के शहीद सुहरावर्दी इंडोर स्टेडियम में खेले जा रहे हैं.
13 साल बाद लौट रहा इतिहास
पिछली बार महिला कबड्डी विश्व कप 13 साल पहले पटना में हुआ था. भारत ने तब ईरान को हराकर खिताब अपने नाम किया था. इस बार भी दोनों टीमें दावेदार मानी जा रही हैं. अर्जेंटीना पहले इस टूर्नामेंट में शामिल होने वाली थी, लेकिन बाद में उसने अपना नाम वापस ले लिया.
ग्रुप स्टेज में कड़ी टक्कर
टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है.
पूल ए में बांग्लादेश, युगांडा, भारत, थाईलैंड और जर्मनी.
पूल बी में ईरान, नेपाल, ताइवान, केन्या, पोलैंड और जांजीबार.
भारत की राह आसान नहीं होगी क्योंकि पूल ए में कई टीमें लगातार उलटफेर कर रही हैं.
कहां देख सकते हैं मुकाबले
भारत में फैंस महिला कबड्डी विश्व कप को टी स्पोर्ट्स के यूट्यूब चैनल और ऐप पर देख सकते हैं. किसी भी टीवी चैनल पर इसका प्रसारण नहीं हो रहा है. ऐसे में चाहने वालों के लिए ऑनलाइन स्ट्रीमिंग ही एकमात्र सहारा है.
पूरा शेड्यूल एक नजर में
17 से 24 नवंबर तक चलेगा यह टूर्नामेंट.
ग्रुप मुकाबले 17 से 22 नवंबर तक.
23 नवंबर को दोनों सेमीफाइनल.
24 नवंबर शाम 4 बजे फाइनल मुकाबला होगा.
भारत की उम्मीदें फिर ऊंची
भारत की टीम पिछले प्रदर्शन से उत्साहित है. खिलाड़ियों की फिटनेस और रणनीति मजबूत दिखाई दे रही है. फैंस की निगाहें इस बार भी खिताब पर टिकी हैं. ढाका में शुरू हुई यह जंग आने वाले दिनों में और रोमांच बढ़ाने वाली है.
W88 Sports News




