कबड्डी

ढाका में बजा भारत का डंका: लगातार दूसरी बार महिला कबड्डी की बादशाहत, चीनी ताइपे को झुकाया

भारत ने ढाका में महिला कबड्डी वर्ल्ड कप फाइनल में चीनी ताइपे को 35-28 से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब जीता। पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रही भारतीय टीम ने रेड और डिफेंस में शानदार प्रदर्शन किया।

ढाका की धरती पर एक बार फिर भारत ने महिला वर्ल्ड कप के फाइनल में चीनी ताइपे को हरा दिया। टीम इंडिया ने चीनी ताइपे को 35-28 से मात देकर न सिर्फ खिताब जीता बल्कि लगातार दूसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बनकर इतिहास भी रच दिया। इस जीत की खास बात यह रही कि भारत ने टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारा और पूरे अभियान में अपना दबदबा कायम रखा। 11 टीमों वाले इस वर्ल्ड कप में भारत की जीत सिर्फ स्कोर का अंतर नहीं, बल्कि रणनीति, फिटनेस और टीम स्पिरिट की जीत थी।

भारत ने ऐसे दी चीनी ताइपे को पटकनी
चीनी ताइपे ने भारत की मजबूत टीम को अच्छी चुनौती दी लेकिन भारतीय कप्तान रितु नेगी और उपकप्तान पुष्पा राणा की अगुवाई में टीम ने रेड और टैकल दोनों मोर्चे पर दबदबा बनाए रखा। संजू देवी की सुपर रेड ने मैच का रुख पलट दिया और भारत ने ये वर्ल्ड कप जीत लिया। ऐसा नहीं है कि भारत ने इसी मैच में अच्छा खेल दिखाया, इससे पहले हुए पांच मैचों में भी भारत ने बेहतरीन जीत दर्ज की।

महिला कबड्डी वर्ल्ड कप में भारत का शानदार प्रदर्शन
भारत की यह चमक सिर्फ फाइनल तक सीमित नहीं रही। ग्रुप स्टेज में ही टीम ने अपना इरादा साफ कर दिया था। थाईलैंड पर 68-17 की धमाकेदार जीत ने टूर्नामेंट की टोन सेट कर दी। नेपाल के खिलाफ 50-12 और बांग्लादेश पर 43-18 की जीत ने इस बात को मजबूत किया कि भारत खिताब का सबसे मजबूत दावेदार है। यूगांडा को 51-16 से हराने के बाद टीम ने सेमीफाइनल में ईरान जैसी ताकतवर टीम को 33-21 से हराकर फाइनल में कदम रखा।

W88 Sports News