कबड्डी

प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन की होगी 29 अगस्त से शुरुआत, हरियाणा स्टीलर्स करेगी आगाज

प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन का इंतजार आखिरकार खत्म हुआ है। प्रायोजको ने इस सीजन के शुरुआत और फाइनल की तारीखों का ऐलान कर दिया है। जिसके बाद एक बार फिर से प्रो कबड्डी लीग के फैंस के बीच अपनी टीम को सपोर्ट करने की ललक देखी जा सकती है। 12वें सीजन की नीलामी पहले ही हो चुकी है, जहां पर कई रिकॉर्ड्स टूटे हैं।

29 अगस्त से होगी प्रो कबड्डी लीग की शुरुआत

प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन को लेकर ऐलान हुआ है कि इसकी शुरुआत 29 अगस्त से होगी। नए सत्र में मौजूदा चैंपियन हरियाणा स्टीलर्स अपने खिताब का बचाव करने की कोशिश करेगी। आयोजकों ने कहा कि हाल में संपन्न नीलामी से सभी 12 फ्रेंचाइजी ने अपनी टीमों को मजबूत किया है और आगामी सत्र में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी जिससे दर्शकों का मनोरंजन होगा।

हरियाणा स्टीलर्स करेगी टूर्नामेंट का आगाज

प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन का बचाव पिछले साल की विजेता टीम करने वाली है। हरियाणा स्टीलर्स अपने खिताब का बचाव करने उतरेगी। बताते चलें कि हरियाणा स्टीलर्स ने सीजन 11 में शानदार जीत दर्ज की थीहा। टूर्नामेंट के आयोजक मशाल स्पोर्ट्स ने बुधवार तारीखों का ऐलान किया। जिसके बाद अब जल्द ही प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन का पूरा शेड्यूल भी जारी होगा।

12वें सीजन की नीलामी में टूटे थे तमाम रिकॉर्ड

प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन की नीलामी के दौरान ही कई रिकॉर्ड्स टूटे थे। नीलामी 31 मई और 1 जून को मुंबई में हुई थी। उसमें रिकॉर्ड-ब्रेकिंग 10 खिलाड़ियों ने 1 करोड़ रुपये से अधिक के कॉन्ट्रैक्ट हासिल किए थे। इसने प्रतियोगिता के लिए एक नया बेंचमार्क स्थापित हुआ। सीजन 12 की शुरुआत पर प्रो कबड्डी के बिजनेस हेड अनुपम गोस्वामी ने कहा कि ”हम पीकेएल सीजन 12 की शुरुआत की तारीख का अनावरण करते हुए रोमांचित हैं। रिकॉर्ड-ब्रेकिंग प्लेयर नीलामी के बाद हमने एक ऐसी नींव रखी है जो हमारे सबसे प्रतिस्पर्धी सीजन होने का वादा करती है। हम कबड्डी एक्शन का एक और रोमांचक अध्याय प्रशंसकों तक पहुंचाने के लिए उत्सुक हैं।”

प्रो कबड्डी लीग के मैच कैसे देख सकेंगे लाइव

क्रिकेट लीग की तरह ही प्रो कबड्डी लीग के फैंस की तादाद भी काफी है। ऐसे में सवाल ये है कि प्रो कबड्डी लीग के मैचों को लाइव कैसे देख सकते हैं, तो इसका सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा और जियोसिनेमा पर स्ट्रीम किया जाएगा। जहां से फैंस इस टूर्नामेंट को लाइव देख पाएंगे।